जम्मू एवं कश्मीर के राज्यपाल एन.एन.वोहरा को इस्तीफा देने के लिए नहीं कहा गया है। जानकार सूत्रों ने शुक्रवार को मीडिया की उन रपटों को खारिज कर दिया जिसमें कहा गया है कि केंद्र सरकार ने वोहरा को इस्तीफा देने के लिए कहा है। एक सूत्र ने आईएएनएस को बताया, "नहीं, वोहरा से इस्तीफा नहीं मांगा गया है। इस वक्त जम्मू एवं कश्मीर के राज्यपाल को नहीं बदला जाएगा।"वोहरा जम्मू एवं कश्मीर के राज्यपाल के रूप में अपना दूसरा कार्यकाल पूरा कर रहे हैं। नई दिल्ली और कश्मीर में मीडिया रपटों में कहा गया है कि लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) अता हसनैन राज्य के अगले राज्यपाल होंगे। वह इसके पहले घाटी में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं, जिसमें श्रीनगर स्थित 15 कॉर्प्स के जीओसी का पद भी शामिल रहा है। राज्य में दिसंबर महीने में विधानसभा चुनाव होने हैं। सूत्र ने आईएएनएस को बताया, "राज्य का राज्यपाल बदलने की अभी कोई योजना नहीं है।"