प्रदेश के हर डिपो, हर गोदाम और हर गैस एजेंसी पर खाद्य मंत्री का मोबाइल नंबर डिस्प्ले होगा
Web Admin
5 दरिया न्यूज (विजयेन्दर शर्मा)
शिमला , 12 Jan 2013
Last updated on: Jan 12, 2013, 00:00 IST
प्रदेश के हर डिपो, हर गोदाम और हर गैस एजेंसी पर खाद्य मंत्री का मोबाइल नंबर डिस्प्ले होगा। पीडीएस व्यवस्था में सुधार लाने के लिए खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री ने अपना नंबर सार्वजनिक करने का फैसला लिया है, ताकि वह सीधे जनता से जुड़ सकें। सार्वजनिक वितरण प्रणाली को लेकर अगर किसी को विभाग के अधिकारियों से, कर्मचारियों से या फिर सरकार से शिकायत होगी तो वह सीधे सरकार से संपर्क करके इसकी शिकायत कर सकता है ताकि सरकार अपनी कार्यप्रणाली में सुधार लाते हुए त्वरित कार्रवाई कर सके। विभागीय अधिकारियों से लिए निचले स्तर के कर्मचारियों पर पकड़ को मजबूत बना सके। देखा जाए तो प्रदेश में सार्वजनिक वितरण प्रणाली शुरू से ही विवादों में रही है। फिर चाहे वह अनाज की अलाटमेंट को लेकर हो, अनाज के वितरण की प्रणाली के बारे में हो या लोगों को कम राशन मिलने बारे या राशन के न मिलने को लेकर हो। महीने के शुरू होते ही इस पर विवाद शुरू हो जाता है। गोदाम से लेकर राशनकार्ड धारक तक सभी पीडीएस की प्रणाली से खफा रहते हैं। गोदामों से राशन न दिए जाने या कम मात्रा में राशन देने की शिकायत डिपोधारक की रहती है। डिपुओं में समय पर राशन का न मिलना, राशन का खत्म हो जाना या गुणात्मक राशन का न मिलना डिपोधारक द्वारा बदसलूकी किया जाना जैसी कई तरह की शिकायतें रहती हैं। इस व्यवस्था में सुधार लाने के लिए खाद्य आपूर्ति मंत्री जीएस बाली ने हर डिपो, हर गोदाम और हर गैस एजेंसी के बाहर अपना मोबाइल नंबर प्रकाशित करने को कह दिया है। इससे पहले जीएस बाली ने, जिनके पास परिवहन का महकमा भी है वहां पर भी निगम की हर बस में अपना नंबर प्रकाशित करने को कह दिया है। गैस एजेंसियों की अगर बात करें तो मंत्री को शिकायतें मिली हैं कि एजेंसियां से बिना तोले सिलेंडर जारी किया जाता है।