Friday, 05 June 2026

 

 

खास खबरें डोनाल्ड ट्रंप ने युद्ध शक्तियों पर संसद के मतदान को बताया 'फिजूल' सरबजीत सिंह झिंझर की ‘बोलेगा घनौर बदलेगा दौर’ पदयात्रा के छठे दिन घनौर में पेयजल संकट की हकीकत आई सामने इंडोनेशिया ओपन : पीवी सिंधु और आयुष शेट्टी की हार के साथ भारत का सिंगल्स अभियान समाप्त तेल आयात कम करने से लेकर किसानों की समृद्धि तक : हरदीप सिंह पुरी ने पहले फ्लेक्स-फ्यूल यात्री वाहन का शुभारम्भ किया भारत और ब्रिटेन ने महत्वपूर्ण खनिज आपूर्ति श्रृंखला वेधशाला शुरू की 144 वर्षों में किसी सरकार ने नहरों का पानी नहीं लेने दिया, मुख्यमंत्री भगवंत मान किसानों के मसीहा बने : मनविंदर सिंह ग्यासपुरा पीएम मोदी के नेतृत्व में पूर्वोत्तर ने देखा ऐतिहासिक बदलाव : सीएम पेमा खांडू हरपाल सिंह चीमा ने मुलाजिम यूनियनों से की मुलाकात मंत्रिमंडल की बैठकों में लिए गए 99 प्रतिशत निर्णय पूरी तरह कार्यान्वितः जगत सिंह नेगी मंत्रिमंडलीय उप-समिति की बैठक आयोजित एमवाई भारत ने 3.9 लाख क्विज़ पार्टिसिपेंट्स के साथ गिनीज़ वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया जितिन प्रसाद ने आईआईएफटी में जीबीआरसी 2026 का उद्घाटन किया शिमला पहाड़ी चौक की वर्षों पुरानी जलभराव समस्या का समाधान पंजाब पुलिस ने बड़ी आतंकी साजिश को किया नाकाम रोटरी क्लब रोपड़ सेंट्रल के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रवि प्रकाश का आधिकारिक दौरा सरकार 2027 तक 5,000 ई85 फ्यूल स्टेशन शुरू करेगी : हरदीप सिंह पुरी 1 किलोवाट उपभोक्ताओं के घर बिना बैंक गारंटी लगेगा सोलर सिस्टम, बिजली बिल होगा शून्य : अनिल विज सीएम मोहन चरण माझी ने बैठक में आपदा जोखिम कम करने पर ब्रिक्‍स के बीच सहयोग की अपील की नशों के खिलाफ अभियान को और मजबूत बनाने के लिए अमृतसर केंद्रीय में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित नशाविरोधी अभियान के दौरान हवलदार शहीद भारत की ओर बढ़ रहा है दीर्घकालिक वैश्विक निवेश, निवेशकों के लिए सबसे भरोसेमंद गंतव्य बना देश : पीयूष गोयल

 

प्रदेश को शिक्षित, स्वस्थ, सुरक्षित और स्वावलंबी बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

महात्मा ज्योतिबा फुले के विचारों पर चलकर हरियाणा बनेगा शिक्षित और आत्मनिर्भर: मुख्यमंत्री

Nayab Singh Saini, Haryana, Haryana Chief Minister, Chief Minister of Haryana, BJP Haryana, Shyam Singh Rana
Listen to this article

5 Dariya News

5 Dariya News

5 Dariya News

कुरुक्षेत्र , 11 Apr 2026

Last updated on: Apr 13, 2026, 11:20 IST

हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सरकार महात्मा ज्योतिबा फुले की शिक्षाओं पर चलते हुए प्रदेश को शिक्षित, स्वस्थ, सुरक्षित और स्वावलंबी बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। महात्मा ज्योतिबा फुले का जीवन और उनके विचार हमारे लिए मार्गदर्शक हैं। हमें उनके बताए रास्ते पर चलकर एक ऐसे समाज का निर्माण करना है, जो समानता, न्याय और भाईचारे पर आधारित हो।

मुख्यमंत्री शनिवार को कुरुक्षेत्र के बाबैन में सैनी सभा, कुरुक्षेत्र द्वारा आयोजित महात्मा ज्योतिबा फुले जयंती समारोह एवं सावित्रीबाई ज्योतिबा फुले ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स के शिलान्यास के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में शिरकत कर रहे थे। इस दौरान हरियाणा के कृषि मंत्री श्री श्याम सिंह राणा भी मौजूद थे।मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान संस्था द्वारा रखी सावित्रीबाई ज्योतिबा फुले कॉलेज ऑफ नर्सिंग खोले जाने की मांग को पूरा करने तथा स्वैच्छिक कोष से 51 लाख रुपये संस्था को देने की घोषणा भी की। 

साथ ही मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने नागरिकों की सुविधा के लिए मथाना-बाबैन मार्ग को 13.38 करोड़ की लागत से 7 मीटर चौड़ा करने की घोषणा भी की।कार्यक्रम के आयोजक एवं सैनी सभा कुरुक्षेत्र के प्रधान श्री गुरनाम सिंह सैनी ने इन मांगों के अलावा जो मुख्यमंत्री के समक्ष मांग पत्र रखा, उन्हें भी पूरा करने का आश्वासन मुख्यमंत्री ने दिया। वहीं, हरियाणा के कृषि मंत्री श्री श्याम सिंह राणा ने स्वयं तथा कैबिनेट मंत्री श्री कृष्ण कुमार बेदी की तरफ से 11-11 लाख रुपये संस्था को देने की घोषणा की।

कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि बड़े ही गर्व और गौरव की बात है कि आज हम ऐसे महापुरुष की जयंती मना रहे हैं, जिन्होंने अपने विचारों, अपने संघर्षों और अपने कर्मों से भारत के सामाजिक इतिहास को नई दिशा दी। इस पावन अवसर पर मैं महात्मा ज्योतिबा फुले को श्रद्धापूर्वक नमन करता हूं। 

यह राज्यस्तरीय समारोह सामाजिक जागरण, शिक्षा और समानता के उस संकल्प को पुनर्जीवित करने का अवसर है, जिसे महात्मा फुले जी ने अपने जीवन का उद्देश्य बनाया। ऐसे महापुरुषों, संतों और महात्माओं के संदेश को नई पीढ़ियों तक पहुंचाने के लिए सरकार उनकी जयंती राज्य स्तर पर मनाती है। इसके लिए सरकार ने ‘संत-महापुरुष विचार प्रसार एवं सम्मान योजना’ चलाई हुई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज महात्मा ज्योतिबा फुले ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स की आधारशिला भी रखी गई है। शिक्षा के माध्यम से समाज को सशक्त बनाने का जो सपना महात्मा फुले ने देखा था, यह संस्थान उसी सपने को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। यहां से निकलने वाले विद्यार्थी समाज के जिम्मेदार नागरिक बनकर, राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान देंगे। उन्होंने सैनी शिक्षा समिति की समाज के उत्थान के लिए निरंतर किए जा रहे कार्य की सराहना भी की।

उन्होंने कहा कि महात्मा ज्योतिबा फुले का जीवन उस दौर में एक क्रांति की तरह था, जब हमारा देश अंग्रेजी हुकूमत की गुलामी की जंजीरों में जकड़ा हुआ था। उस समय समाज में अनेक कुरीतियों, रूढ़ियों और अंधविश्वासों का प्रचलन था। उन्होंने इन कुरीतियों को पहचाना और उनके खिलाफ डटकर संघर्ष किया। बाल विवाह, छुआछूत, जातिगत भेदभाव और महिलाओं की अशिक्षा जैसे मुद्दों पर उन्होंने जो आवाज उठाई, वह उस समय किसी साहसिक क्रांति से कम नहीं थी। 

उन्होंने अपने कर्मों से यह सिद्ध किया कि समाज में बदलाव केवल विचारों से नहीं आता, बल्कि साहस और निरंतर प्रयासों से आता है। उनकी सबसे बड़ी ताकत थी शिक्षा में उनका अटूट विश्वास। उनका मानना था कि यदि समाज को बदलना है, तो सबसे पहले शिक्षा का प्रकाश हर घर तक पहुंचाना होगा। यही कारण था कि उन्होंने अपनी धर्मपत्नी श्रीमती सावित्रीबाई फुले जी के साथ मिलकर पुणे में देश का पहला बालिका विद्यालय स्थापित किया। 

यह केवल एक स्कूल नहीं था, बल्कि यह उस समय के सामाजिक अंधकार के खिलाफ जलाया गया एक दीपक था। आज जब हम प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के कुशल मार्गदर्शन में ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ जैसे अभियानों को आगे बढ़ा रहे हैं, तो यह महात्मा फुले जी के उस विचार का ही विस्तार है।

सैनी समाज का गौरवशाली इतिहास:

मुख्यमंत्री ने कहा कि सैनी समाज का इतिहास गौरवशाली रहा है। इस समाज ने हमेशा मेहनत, ईमानदारी और सेवा को अपना धर्म माना है। कृषि, बागवानी और समाज सेवा के क्षेत्र में इस समाज का योगदान अतुलनीय रहा है। महात्मा ज्योतिबा फुले और सावित्रीबाई फुले जैसे महान व्यक्तित्व इस समाज की धरोहर हैं, जिन्होंने पूरे देश को दिशा दी।

इसी प्रकार, संत श्री लिखमीदास जी, बल्लभगढ़ रियासत के सेनापति गुलाब चंद सैनी, बिहार में सामाजिक क्रांति के सूत्रधार बाबू जगदेव प्रसाद कुशवाहा जैसे समाज सेवक, हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद कुशवाहा जैसे खिलाड़ी तथा चंडीगढ़ स्थित रॉक गार्डन के निर्माता पद्मश्री नेकचंद सैनी जैसे कलाकार भी इसी समाज की देन हैं। स्वतंत्रता आंदोलन में भी सैनी समाज का बड़ा योगदान रहा है। आजाद हिंद फौज के सेनानी सरदार महंगा सिंह सैनी व अजीत सिंह सैनी तथा हरि सिंह सैनी जैसे स्वतंत्रता सेनानी भी इसी समाज ने दिए हैं। यह परंपरा आज भी जारी है।

महात्मा ज्योतिबा फुले की सोच पर चल रहे पीएम मोदी:

मुख्यमंत्री ने कहा कि महात्मा फुले जी ने केवल शिक्षा तक ही अपने कार्य को सीमित नहीं रखा। उन्होंने समाज के हर उस वर्ग के लिए आवाज उठाई, जो शोषण और अन्याय का शिकार था। आज जब हम 21वीं सदी के भारत में खड़े हैं, तो भी महात्मा फुले जी के विचार अत्यंत प्रासंगिक हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में देश ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र पर गति से बढ़ रहा है। 

यह मंत्र उस समावेशी सोच का प्रतीक है, जिसकी नींव महात्मा फुले जी ने रखी थी। आज सरकार की विभिन्न योजनाएं—चाहे वह गरीबों के लिए आवास हो, स्वास्थ्य सुविधाएं हों या स्वच्छता अभियान—सभी का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाना है। इसी उद्देश्य के अनुरूप हमने हरियाणा में जनहित में अनेक निर्णय लिए हैं।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान 217 संकल्प लिए थे। सरकार बनने के बाद 1 वर्ष पूरा हो गया है और अब तक 62 संकल्प पूरे किए जा चुके हैं, जबकि 157 पर तेज गति से काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार ने पिछड़े वर्गों के लिए क्रीमीलेयर की आय सीमा 6 लाख रुपये से बढ़ाकर 8 लाख रुपये वार्षिक की है। 

इसी प्रकार गरीब महिलाओं को 500 रुपये में गैस सिलेंडर उपलब्ध करवाया जा रहा है। इसके तहत 250 करोड़ रुपये की सब्सिडी वितरित की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि किसानों के लिए भी सरकार ने कार्य किए हैं और प्रदेश में फसलों की खरीद एमएसपी पर की जा रही है।उन्होंने कहा कि सरकार ने पिछड़ा वर्ग-बी को पंचायती राज संस्थाओं व शहरी स्थानीय निकायों में आरक्षण दिया है। 

साथ ही पिछड़े वर्ग के बी.पी.एल. परिवारों की बेटी की शादी पर 51 हजार रुपये की शगुन राशि सरकार की ओर से दी जाती है। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है, जिससे समाज के पिछड़े वर्ग के लोगों को सशक्त बनाया जा सकता है। इसलिए सरकार ने शैक्षणिक संस्थानों और नौकरियों में 27 प्रतिशत आरक्षण लागू किया। पिछड़े वर्गों के परिवारों के बच्चों की देश में पढ़ाई के लिए 15 लाख रुपये तक तथा विदेश में पढ़ाई के लिए 20 लाख रुपये तक का ऋण 4 प्रतिशत वार्षिक ब्याज पर दिया जाता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत अन्य पिछड़े वर्ग, जिनकी पारिवारिक आय 2 लाख 50 हजार रुपये तक है, उनके 9वीं व 10वीं कक्षा में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को 4,000 रुपये वार्षिक शैक्षणिक भत्ता दिया जाता है। पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत पिछड़े वर्ग के विद्यार्थियों को 160 रुपये से 750 रुपये तक मासिक छात्रवृत्ति दी जाती है। इसके अतिरिक्त, सभी नॉन-रिफंडेबल फीस की प्रतिपूर्ति भी की जाती है। वहीं, ‘डॉ. अंबेडकर मेधावी छात्र संशोधित योजना’ के तहत पिछड़े वर्ग के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए 8 हजार रुपये वार्षिक तक की छात्रवृत्ति दी जाती है।

1 लाख 80 हजार तक बढ़ेगा लाडो लक्ष्मी योजना का दायरा:

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 1 लाख 80 हजार रुपये से कम आय वाले परिवारों के विद्यार्थियों की 12वीं कक्षा तक फीस माफ की गई है तथा मुफ्त पुस्तकें, वर्दी व लेखन सामग्री भी दी जाती हैं। ऐसे परिवारों की बेटियों की कॉलेज और यूनिवर्सिटी की फीस भी माफ की गई है। गरीब परिवारों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना चलाई जा रही है। 

इस योजना के तहत सालाना 5 लाख रुपये तक मुफ्त इलाज की सुविधा दी जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ने माताओं-बहनों के सामाजिक और आर्थिक उत्थान के लिए दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना शुरू की है। इसके तहत 2100 रुपये की मासिक वित्तीय सहायता प्रदान की जा रही है।इसके तहत 6 किस्तों में 10 लाख बहनों को 1 हजार 38 करोड़ रुपये की सहायता दी गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बजट में इसके लिए 6500 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है और शीघ्र ही 1 लाख 80 हजार रुपये आय वाले परिवारों तक इसका दायरा बढ़ाया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने कौशल विकास पर विशेष जोर दिया है। प्रदेश में अब तक 1 लाख 56 हजार युवाओं को कौशल प्रशिक्षण दिया जा चुका है। प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को तकनीकी कौशल सिखाए जा रहे हैं। पीएम विश्वकर्मा योजना के तहत कुशल कारीगरों को प्रोत्साहन देना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। इस योजना के तहत प्रदेश में अब तक 30 हजार 555 शिल्पकारों को स्किल ट्रेनिंग दी जा चुकी है तथा उन्हें अपना व्यवसाय शुरू करने के लिए 50 करोड़ रुपये से अधिक की राशि के ऋण भी दिए जा चुके हैं।

महात्मा ज्योतिबा फुले के दिखाए मार्ग का सरकार कर रही अनुसरण: कैबिनेट मंत्री श्याम सिंह राणा

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कृषि मंत्री श्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि महात्मा ज्योतिबा फुले के दिखाए मार्ग का ही वर्तमान सरकार अनुसरण कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने उन्हीं की शिक्षाओं पर चलते हुए बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान का आगाज किया। महात्मा ज्योतिबा फुले ने उस वक्त कहा था कि शिक्षा के बगैर व्यक्ति अधूरा है। आज सावित्रीबाई ज्योतिबा फुले ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स का शिलान्यास मुख्यमंत्री द्वारा किया गया है, जो उस सपने को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

इस मौके पर हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद की उपाध्यक्ष श्रीमती सुमन सैनी, मुख्यमंत्री कार्यालय प्रभारी श्री कैलाश सैनी, पूर्व सांसद कैलाशो सैनी, पूर्व सांसद गुरदयाल सैनी, पूर्व मंत्री श्री बलबीर सैनी, चेयरमैन श्री धर्मवीर मिर्जापुर, चेयरमैन श्री धर्मवीर डागर, राज्य सूचना आयुक्त श्री परवीर सैनी, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री तिजेंद्र सिंह गोल्डी, पूर्व विधायक डा. पवन सैनी, मेयर कोमल सैनी, प्रवक्ता श्री जवाहर सैनी, चेयरमैन श्री जसविंदर सिंह जस्सी, सैनी शिक्षा समिति के प्रधान श्री नायब पटाक माजरा, वरिष्ठ उप प्रधान श्री गुरमीत सैनी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

 

Tags: Nayab Singh Saini , Haryana , Haryana Chief Minister , Chief Minister of Haryana , BJP Haryana , Shyam Singh Rana

 

 

related news

 

 

 

Photo Gallery

 

 

Video Gallery

 

 

5 Dariya News RNI Code: PUNMUL/2011/49000
© 2011-2026 | 5 Dariya News | All Rights Reserved
Powered by: CDS PVT LTD