गुरुद्वारा गुरशब्द प्रकाश अकाल आश्रम, सोहाना सेक्टर 77 में संत बाबा अतर सिंह जी मस्तूआणा साहिब वाले और पंथ रत्न भाई साहिब भाई जसबीर सिंह जी खालसा (खन्ना वाले) की पावन स्मृति में तीन दिवसीय वार्षिक गुरमत समागम बड़े श्रद्धा और उत्साह के साथ आरंभ हुआ। यह समागम 29 मार्च तक जारी रहेगा।
श्री गुरु हरिकृष्ण साहिब चैरिटेबल अस्पताल के संस्थापक भाई जसबीर सिंह खालसा की स्मृति में हर वर्ष आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक गुरबाणी का सतत कीर्तन और श्रवण किया गया।
प्रसिद्ध रागी, ढाडी जत्थे और कथा वाचकों ने संगत को गुरबाणी से जोड़ा। प्रमुख रूप से गुरसिख इस्तरी सत्संग सभा (जम्मू, सोहाना, लुधियाना), बीबी बलजिंदर कौर (सोहाना), भाई ओंकारजीत सिंह, भाई अमृतपाल सिंह, सुरजीत सिंह, गुरजोत सिंह, बीबी मलकीत कौर (पठानकोट), बीबी जसप्रीत कौर (डुमेली), बीबी हरनूर कौर, भाई जतिंदर सिंह प्रचारक (श्री अमृतसर साहिब), भाई महिंदरपाल सिंह, बहन रविंदर कौर एवं जत्था, सिंह साहिब ज्ञानी गुरमिंदर सिंह (श्री दरबार साहिब, अमृतसर), भाई देविंदर सिंह खालसा (खन्ना वाले) और भाई तरनवीर सिंह रबाबी ने हाजिरी लगवाई।
सोहाना अस्पताल के चेयरमैन भाई देविंदर सिंह खालसा की अगुवाई में आयोजित इस समागम में उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों ने संगत को संबोधित करते हुए श्री गुरु हरिकृष्ण साहिब चैरिटेबल अस्पताल द्वारा मानव सेवा के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की। समागम का सीधा प्रसारण फतेह टीवी, चढ़दी कला टाइम टीवी, संगत टीवी और यूट्यूब चैनल बाणी डॉट नेट पर किया गया, जिससे देश-विदेश में बैठी संगत ने भी गुरबाणी का आनंद लिया।
ट्रस्टी गुरमीत सिंह ने बताया कि भाई जसबीर सिंह खालसा द्वारा शुरू किए गए मानव सेवा के कार्यों को आगे बढ़ाते हुए सोहाना अस्पताल बड़े स्तर पर लोगों की सेवा कर रहा है। 28 मार्च को सुबह 10 बजे विशेष अमृत संचार आयोजित किया जाएगा, जबकि 29 मार्च को सुबह 10 बजे विशाल रक्तदान शिविर लगाया जाएगा।
समागम के दौरान गुरु का अटूट लंगर भी निरंतर चलता रहा।