पंजाब सरकार द्वारा आज पेश किए गए बजट पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए अमृतसर के हल्का उत्तरी से भाजपा नेता अक्षय शर्मा ने कहा कि यह बजट पंजाब के लोगों के लिए निराशाजनक है और इसमें विकास के लिए कोई ठोस योजना दिखाई नहीं देती। यह एक चुनावी जुमला है ओर सरकार इससे सिर्फ आने वाले चुनावों को साध रही है।
अक्षय शर्मा ने कहा कि सरकार ने बजट में बड़े-बड़े दावे तो किए हैं, लेकिन जमीनी हकीकत में लोगों को कोई राहत नहीं मिलने वाली। उन्होंने कहा कि पंजाब पहले ही भारी कर्ज के बोझ तले दबा हुआ है, लेकिन बजट में कर्ज कम करने या आम लोगों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए कोई स्पष्ट रणनीति दिखाई नहीं देती।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यह बजट “सिर्फ ऐलानों का पुलिंदा” है, जिससे न तो युवाओं को रोजगार मिलेगा और न ही उद्योगों को कोई नई दिशा मिलेगी। अक्षय शर्मा ने कहा कि पंजाब के किसानों, व्यापारियों और युवाओं को इस बजट से काफी उम्मीदें थीं, लेकिन सरकार उन उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी।
उन्होंने दावा किया कि आम आदमी पार्टी की सरकार लोगों को गुमराह करने के लिए सिर्फ कागजी योजनाएं दिखा रही है। उन्होंने अंत में कहा कि पंजाब को असली विकास के लिए मजबूत आर्थिक नीति और ईमानदार प्रशासन की जरूरत है, न कि खाली वादों की।
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने बजट सिर्फ अपनों को खुश करने के लिए ओर चुनावों में फायदे के लिए बनाया है। महिलाओं को 1 - 1 हज़ार भी सिर्फ एक जुमला है क्योंकि कागजी कार्यवाई पूरी करते हुए समय निकल जाएगा ओर सरकार इसे फिर पंजाब पर बोझ डालकर चलती बनेगी।
अक्षय शर्मा ने कहा कि आम आदमी पार्टी चाहे सरकारी तंत्रों का इस्तेमाल करे चाहे कितना भी लोगों को ललचाए लेकिन लोग अब पंजाब बचाना चाहते हैं ओर इस पार्टी को नकारना चाहते हैं।