पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज (डीम्ड टू बी यूनिवर्सिटी), चंडीगढ़ ने इंडस्ट्री–अकादमिक एक्सपर्ट लेक्चर वीक (23–27 फरवरी, 2026) का शुभारंभ किया। इस सप्ताह के अंतर्गत आयोजित विशेषज्ञ व्याख्यानों का उद्देश्य शैक्षणिक ज्ञान को उद्योग की वास्तविक आवश्यकताओं से जोड़ना है। इस अवसर पर कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग द्वारा “पावर ट्रेडिंग एवं एनर्जी एक्सचेंज की कार्यप्रणाली” विषय पर एक विशेषज्ञ व्याख्यान आयोजित किया गया, जिसे श्री राजीव सप्रा, डीजीएम (सेवानिवृत्त), दिल्ली ट्रांसको लिमिटेड ने संबोधित किया।
व्याख्यान में भारत के संगठित विद्युत बाजारों, विशेष रूप से इंडियन एनर्जी एक्सचेंज (IEX), डे-अहेड मार्केट (DAM) और रियल-टाइम मार्केट (RTM) की विस्तृत जानकारी दी गई। सत्र में मांग-आपूर्ति संतुलन, मूल्य निर्धारण और ग्रिड स्थिरता जैसे पहलुओं पर प्रकाश डाला गया। इसके पश्चात “IoT और स्मार्ट डिवाइस: बेहतर निर्णयों के लिए विश्व को जोड़ना” विषय पर एक सत्र का आयोजन किया गया, जिसे डॉ. रविंदर सिंह, हेड – डिजिटल एंड सिस्टम्स टीम, गवर्नमेंट कमर्शियल फंक्शन, यूके सिविल सर्विसेज ने प्रस्तुत किया।
इस सत्र में चार-स्तरीय IoT आर्किटेक्चर की व्याख्या की गई तथा बार्सिलोना के सेंटिलो स्मार्ट सिटी प्लेटफॉर्म का केस स्टडी के रूप में प्रस्तुतीकरण किया गया। वहीं, केमिस्ट्री विभाग द्वारा “3डी प्रिंटिंग टेक्नोलॉजी” विषय पर एक व्याख्यान आयोजित किया गया, जिसे श्री अनमोल खुराना, निदेशक, केएडी एंटरप्राइजेज, चंडीगढ़ ने संबोधित किया।
सत्र में ऐडिटिव मैन्युफैक्चरिंग के माध्यम से जटिल और व्यावहारिक उत्पादों के निर्माण पर विस्तार से चर्चा की गई। यह व्याख्यान सप्ताह पेक की उद्योग-संस्थागत सहयोग, नवाचार और व्यवहारिक शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।