पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज (डीम्ड टू बी यूनिवर्सिटी), चंडीगढ़ के दो विद्यार्थियों, मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग के भुवन तथा इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग विभाग की पलक को पीजीआई चंडीगढ़ में सारथी प्रोजेक्ट में उनके समर्पित योगदान के लिए सराहा गया। यह पहल एक संरचित सामुदायिक सहभागिता कार्यक्रम है, जिसका उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं के दौरान मरीजों की सहायता, अस्पताल में मार्गदर्शन तथा सेवा सुविधा प्रदान करना है।
दोनों विद्यार्थियों ने एक माह तक चले इस प्रोजेक्ट में पूर्ण निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य किया। उन्होंने मरीजों एवं उनके परिजनों को अस्पताल सेवाओं से संबंधित मार्गदर्शन प्रदान किया तथा विभिन्न जन-सहायता गतिविधियों के सुचारु संचालन में सहयोग दिया।
उनके प्रयासों की सराहना वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों एवं गणमान्य व्यक्तियों द्वारा की गई। जिनमें श्री राजेश प्रसाद, आईएएस, सलाहकार, प्रशासक, यूटी चंडीगढ़; मिस प्रेरणा पुरी, आईएएस, सचिव शिक्षा, यूटी चंडीगढ़ प्रशासन; डॉ विवेक लाल, निदेशक, पीजीआईएमईआर चंडीगढ़; तथा डॉ पंकज राय, उपनिदेशक (प्रशासन), पीजीआईएमईआर चंडीगढ़ शामिल रहे।
यह सम्मान पेक विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व एवं जनसेवा की भावना को दर्शाता है तथा संस्थान द्वारा सामुदायिक सहभागिता एवं समग्र विद्यार्थी विकास को दिए जा रहे महत्व को रेखांकित करता है।