डेराबस्सी हलके के विधायक श्री कुलजीत सिंह रंधावा द्वारा गांव राजोमाजरा में लगभग 16 लाख रुपये की लागत से गुरु घर को जाने वाली गलियों के पुनर्निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। इस विकास कार्य से गांववासियों को सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी तथा गुरु घर तक पहुंच और अधिक व्यवस्थित एवं सुविधाजनक बनेगी।
इस अवसर पर संबोधित करते हुए विधायक श्री रंधावा ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि गुरु घर केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और सद्भाव का केंद्र होता है। इसलिए वहां तक साफ-सुथरी और मजबूत सड़कों की उपलब्धता सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि यह कार्य निर्धारित समय सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाएगा तथा विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विधायक ने यह भी कहा कि हलके के अन्य गांवों में भी निरंतर विकास परियोजनाएं शुरू की जा रही हैं, ताकि प्रत्येक गांव में बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ किया जा सके।
इस मौके पर गांव के सरपंच एवं पंचायत सदस्य, बी डी पी ओ डेराबस्सी सहित बड़ी संख्या में गांववासी उपस्थित रहे। गांववासियों ने इस पहल के लिए विधायक का धन्यवाद किया और भविष्य में भी इसी प्रकार विकास कार्य जारी रहने की आशा व्यक्त की।