पंजाब के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलवीर सिंह ने आज डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालीआ तथा जिला प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक करके पटियाला ग्रामीण विधानसभा हलके में चल रहे तथा प्रस्तावित विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। मीटिंग के दौरान, डॉ. बलवीर सिंह ने मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के तहत लाभार्थी परिवारों के कार्ड बनाए जाने का जायजा लिया।
उन्होंने कहा कि इस स्कीम के तहत राज्य के हर परिवार को 10 लाख तक का स्वास्थ्य कवरेज प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस योजना के कार्यान्वयन की दैनिक निगरानी की जाएगी ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि अधिक से अधिक लाभार्थी कवर किए जाएं और कोई भी योग्य परिवार इससे वंचित न रहे।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान खुद रोजाना इस योजना के कार्ड बनाए जाने का जायजा ले रहे हैं, इसलिए इसमें कोई उदासीनता न बरती जाए। स्वास्थ्य मंत्री ने गांवों के छप्परों के नवीनीकरण का भी जायजा लिया, निर्देश दिए कि इन्हें थापर मॉडल पर विकसित किया जाए ताकि गंदे पानी की निकासी और पर्यावरण सुधार को सुनिश्चित किया जा सके।
इसके अलावा, उन्होंने हलके में योग्य लाभार्थियों को पांच मरले आवासीय प्लॉटों की वितरण का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को विकास कार्य समयबद्ध ढंग से गति पकड़ने के निर्देश दिए। जमीनी स्तर पर स्वास्थ्य देखभाल को मजबूत करने के लिए पंजाब सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए, डॉ. बलवीर सिंह ने कहा कि उनके हलके के हर गांव में गांव क्लिनिक खोले जाएंगे।
उन्होंने आगे कहा कि खेलों को प्रोत्साहित करने और नौजवान ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में ले जाने के लिए हर गांव में खेल मैदानों का विकास उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में से एक है। डॉ. बलवीर सिंह ने कच्चे घरों में रह रहे लाभार्थियों को पक्के घर मुहैया करवाने की जरूरत पर भी जोर दिया और डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालीआ को सभी संबंधित योजनाओं को तेजी से लागू करने को सुनिश्चित बनाने के निर्देश दिए।
उन्होंने डिप्टी कमिश्नर को सभी विकास कार्यों को समय पर लागू करने को सुनिश्चित बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों के साथ साप्ताहिक समीक्षा बैठकें करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य मंत्री ने आगे निर्देश दिया कि जिला प्रशासन और उनके कार्यालय के बीच तालमेल और बेहतर होना चाहिए, तथा सभी नोडल अधिकारी सरकारी योजनाओं को लागू करने में पारदर्शिता, कुशलता और जवाबदेही को सुनिश्चित बनाएं।
उन्होंने जोर देकर कहा कि हलके में सभी विकास कार्य निर्धारित समय-सीमा के अंदर पूरे किए जाने चाहिए। डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालीआ ने स्वास्थ्य मंत्री को जिला प्रशासन की ओर से पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिया और कहा कि सभी निर्देश समयबद्ध तथा परिणाम-उन्मुख ढंग से लागू किए जाएंगे।
मीटिंग में एडिशनल डिप्टी कमिश्नर दमनजीत सिंह मान, डॉ. इस्मत विजे सिंह तथा सिमरप्रीत कौर, एसडीएम हरजोत कौर समेत अन्य वरिष्ठ जिला अधिकारी शामिल हुए।