देश के युवाओं का दिमाग और उनकी सोच भारत का विकसित राष्ट्र की ओर बढ़ता कदम है। पूरी दुनिया में सबसे अच्छा दिमाग हमारे युवाओं के पास है। देश में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की 2047 तक विकसित भारत की सोच के अनुरूप काम हो रहा है। इसी का नतीजा है कि अब भारत में ही बढ़े स्तर पर रक्षा उपकरण तक बनाए जा रहे हैं और उनका निर्यात भी किया जा रहा है।
लोकसभा सांसद चौ. धर्मबीर सिंह चरखी दादरी में गणतंत्र दिवस पर आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने समारोह स्थल पर पहुंचने से पहले शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की और उसके बाद नई अनाज मंडी में राष्ट्रीय ध्वज फहराया तथा मार्च पास्ट की सलामी ली। उन्होंने देश के स्वतंत्रता सैनानियों और शहीदों को नमन किया।
चौ. धर्मबीर सिंह ने कहा कि आज का यह ऐतिहासिक दिन देशवासियों को एक मजबूत राष्ट्र के रूप में आगे बढ़ने के लिए साहस और प्रेरणा देता है। इस दिन हम उन महापुरुषों को भी याद करते हैं, जिन्होंने भारत को स्वतंत्रता दिलवाने और भारतीय संविधान को लागू करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इनकी बदौलत ही भारत आज एक गणराज्य कहलाता है। देश को आजादी दिलाने के लिए राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, लाला लाजपतराय, सरदार बल्लभभाई पटेल, डॉ राजेन्द्र प्रसाद जैसे महापुरुषों और स्वतंत्रता सेनानियों ने कड़ा संघर्ष किया।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के बाद से ही भारत दुनिया में एक बड़ी ताकत के तौर पर अपनी पहचान बनाने में कामयाब रहा है। आज हमारा देश प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में चंहुमुखी प्रगति कर रहा है। आज देश ने मिसाईलें ही नहीं बनाई, बल्कि चन्द्रयान, सूर्ययान और मंगलयान जैसे मिशन भी सफलतापूर्वक संचालित किए हैं।
भारत चन्द्रमा के दक्षिणी धुव्र पर चन्द्रयान 3 उतारने वाला दुनिया का पहला देश बन गया है। देश की प्रगति के इस सफर में हरियाणा का भी महत्वपूर्ण योगदान है। हरियाणा ने भी प्रदेश के सामाजिक-आर्थिक विकास को नए आयाम प्रदान किये हैं। स्वतन्त्रता आन्दोलन में अग्रणी भूमिका निभाने वाले हरियाणावासियों की याद में अम्बाला में स्वतन्त्रता संग्राम स्मारक बनकर तैयार हो गया है।
इसके साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य एवं खेलों में भी हमने नई ऊँचाइयों को छुआ है। हमारी कितनी ही नीतियों और योजनाओं का देश के दूसरे राज्य अनुसरण कर रहे हैं। लोकसभा सांसद ने कहा कि आज भी हरियाणा के नौजवान सेना में भर्ती होना अपनी शान समझते हैं। यही कारण है कि आज भारतीय सेना का हर दसवां जवान हरियाणा प्रदेश से है।
अग्निवीरों के लिए सीधी भर्ती में 10 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा, 1984 के दंगा पीड़ितों के आश्रितों को सरकारी नौकरियां देने की प्रक्रिया शुरू की गई हैं। अब तक शहीदों के 418 आश्रितों को अनुकम्पा के आधार पर नौकरियां भी प्रदान की गई है।
उन्होंने कहा कि किडनी रोग से पीड़ित रोगियों को सभी सरकारी अस्पतालों एवं मेडिकल कालेजों में निःशुल्क डायलिसिस की सुविधाएं मुहैया करवाई जा रही हैं। आयुष्मान भारत चिरायु योजना के तहत 70 साल से अधिक बुजुर्गों को 5 लाख रुपए तक का स्वास्थ्य लाभ दिया जा रहा है।
गरीब परिवारों के लिए आवागमन की सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए हैप्पी योजना शुरू की है जिसके तहत हरियाणा रोडवेज की बसों में एक हजार किलोमीटर तक की सालाना यात्रा निःशुल्क प्रदान की जा रही है।