अनाज मंडी बराड़ा में उपमंडल स्तरीय 77वें गणतंत्र दिवस समारोह का आयोजन गरिमामय एवं हर्षोल्लासपूर्ण वातावरण में किया गया। समारोह में राज्यसभा सांसद श्री कार्तिकेय शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने ध्वजारोहण किया, परेड की सलामी ली तथा उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया।राज्यसभा सांसद ने उपस्थित बुजुर्गों, माताओं-बहनों, युवाओं, स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों, जिला प्रशासन के अधिकारियों, मीडिया प्रतिनिधियों एवं विद्यार्थियों को 77वें गणतंत्र दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि 26 जनवरी भारतीय लोकतंत्र का आधार दिवस है, क्योंकि इसी दिन यह तय हुआ कि देश किसी व्यक्ति या शक्ति से नहीं, बल्कि संविधान, कानून और लोकतांत्रिक मूल्यों के आधार पर चलेगा। उन्होंने कहा कि संविधान ने हमें न्याय, स्वतंत्रता और समानता जैसे मौलिक अधिकार दिए तथा भारत की विविधता को एकता में बांधकर हमें एक भारत, श्रेष्ठ भारत के रूप में जोड़ा।
उन्होंने संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर एवं संविधान सभा के सभी सदस्यों को नमन करते हुए स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, लाला लाजपत राय, सरदार वल्लभभाई पटेल एवं डॉ. राजेंद्र प्रसाद जैसे महापुरुषों के संघर्ष और त्याग की बदौलत आज भारत स्वतंत्र और सशक्त राष्ट्र बना।
राज्यसभा सांसद ने कहा कि किसानों, मजदूरों, कारीगरों, सैनिकों और वैज्ञानिकों के परिश्रम से भारत ने विकास की रफ्तार पकड़ी है। आज प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत नई ऊंचाइयों को छू रहा है। भारत ने चंद्रयान, मंगलयान और सूर्ययान जैसे मिशनों को सफलतापूर्वक संचालित कर विश्व मंच पर अपनी क्षमता सिद्ध की है। चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग भारत की वैज्ञानिक उपलब्धियों का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि इस विकास यात्रा में हरियाणा का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है। सामाजिक और आर्थिक विकास के क्षेत्र में प्रदेश ने नए आयाम स्थापित किए हैं। स्वतंत्रता आंदोलन में अग्रणी भूमिका निभाने वाले हरियाणावासियों की स्मृति में अंबाला में अंतरराष्ट्रीय स्तर के शहीदी स्मारक का निर्माण किया गया है, जो आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रभक्ति और कर्तव्यबोध की प्रेरणा देता रहेगा।
राज्यसभा सांसद ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य और खेल के क्षेत्र में हरियाणा ने उल्लेखनीय प्रगति की है। हरियाणा के युवाओं के लिए सेना में भर्ती होना आज भी गौरव की बात है, यही कारण है कि भारतीय सेना का हर दसवां जवान हरियाणा से आता है। यह प्रदेश न केवल अन्नदाता है, बल्कि देश की सुरक्षा में भी अग्रणी भूमिका निभाता रहा है।
उन्होंने कहा कि शहीदों का ऋण कभी चुकाया नहीं जा सकता, लेकिन उनके परिवारों की जिम्मेदारी उठाकर उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया जा सकता है। इसी भावना के साथ हरियाणा सरकार ने सैनिक एवं अर्ध-सैनिक कल्याण विभाग का गठन किया है। शहीद सैनिकों, अर्ध-सैनिक बलों के जवानों एवं अग्निवीरों के लिए एक करोड़ रुपये की अनुग्रह राशि का प्रावधान किया गया है। अग्निवीरों को सीधी भर्ती में 10 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है। वर्ष 1984 के दंगा पीड़ितों के आश्रितों को सरकारी नौकरी देने की प्रक्रिया भी शुरू की गई है तथा अब तक 418 शहीदों के आश्रितों को नौकरियां दी जा चुकी हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के ‘सबका साथ, सबका विकास’ और मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी जी के ‘हरियाणा एक, हरियाणवी एक’ के मंत्र के अनुरूप प्रदेश सरकार ने सुशासन को सेवा का माध्यम बनाया है। परिवार पहचान पत्र, ई-गवर्नेंस और आईटी के व्यापक उपयोग से योजनाओं में पारदर्शिता आई है और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ सीधे खाते में मिल रहा है।
उन्होंने बताया कि बुजुर्गों, विधवाओं और दिव्यांगों को 3,200 रुपये मासिक पेंशन, बीपीएल कार्ड, चिरायु कार्ड तथा किसानों को फसल का भुगतान एक क्लिक में सीधे खाते में पहुंच रहा है। आयुष्मान भारत-चिरायु योजना के तहत 70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों को पांच लाख रुपये तक का स्वास्थ्य कवर प्रदान किया जा रहा है। हैप्पी योजना के अंतर्गत हरियाणा रोडवेज की बसों में 1000 किलोमीटर तक निःशुल्क यात्रा की सुविधा दी गई है।
कृषि क्षेत्र में ‘मेरी फसल-मेरा ब्यौरा’ पोर्टल किसानों के लिए एक सशक्त माध्यम बना है। हरियाणा सरकार 24 फसलों की एमएसपी पर रिकॉर्ड स्तर पर खरीद कर रही है तथा 48 घंटे के भीतर भुगतान सुनिश्चित किया जा रहा है। गन्ने पर 415 रुपये प्रति क्विंटल की रिकॉर्ड कीमत दी जा रही है।राज्यसभा सांसद ने उद्योग एवं निवेश के क्षेत्र में हरियाणा को निवेशकों की पहली पसंद बताते हुए कहा कि सिंगल विंडो सिस्टम और ऑनलाइन मंजूरियों से Ease of Doing Business को बढ़ावा मिला है।
उन्होंने कहा कि योग्यता के आधार पर बिना खर्ची-बिना पर्ची के 1.80 लाख से अधिक सरकारी नौकरियां दी गई हैं।उन्होंने खेल नीति का उल्लेख करते हुए कहा कि ओलंपिक और अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार एवं सरकारी नौकरियां दी जा रही हैं। ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता को छह करोड़ रुपये तक का पुरस्कार दिया जा रहा है।महिलाओं के स्वास्थ्य पर बोलते हुए राज्यसभा सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री के स्वस्थ नारी–सशक्त परिवार संकल्प से प्रेरित होकर उन्होंने स्वयं सितंबर 2025 में ‘नमो शक्ति रथ’ अभियान की शुरुआत की।
इस अभियान के माध्यम से घर-घर जाकर महिलाओं में स्तन कैंसर जैसी गंभीर बीमारी की समय पर निःशुल्क जांच की जा रही है, जिसमें महिलाओं की गरिमा और मर्यादा का पूरा ध्यान रखा जाता है।मुख्य अतिथि ने शहीद सैनिकों एवं स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों को सम्मानित किया। साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने वाले विद्यालयों, उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों एवं सामाजिक संस्थाओं को प्रशंसा पत्र व ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा झांकियां भी प्रस्तुत की गईं, जिनमें कृषि, वन, महिला एवं बाल विकास, बिजली निगम, रोजगार एवं पंचायत विभाग की झांकियां शामिल रहीं। देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह को यादगार बना दिया।इस अवसर पर पूर्व विधायिका श्रीमती संतोष चौहान सारवान, नगरपालिका चेयरमैन श्री रजत मलिक, डीएसपी श्री सुरेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, गणमान्य व्यक्ति एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।