पटियाला की डिप्टी कमिश्नर डॉ. प्रीति यादव ने कहा कि हमारी बेटियां किसी से कम नहीं हैं और इससे बढ़कर हमारी महिलाएं हमारे परिवारों की रीढ़ की हड्डी हैं। यहां जिला प्रशासनिक कॉम्प्लेक्स में सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा बेटियों की लोहड़ी के जिला स्तरीय समागम के दौरान बोलते हुए डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि जिस घर में पढ़ी-लिखी महिलाएं हों, वहां पूरा घर उनकी सलाह से ही चलता है।
समागम के दौरान डॉ. प्रीति यादव ने 101 बेटियों को लोहड़ी वितरित की और समूचे जिला निवासियों को लोहड़ी की मुबारकबाद देते हुए बताया कि पंजाब सरकार द्वारा मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की अगुवाई में हमारी बेटियों के सशक्तिकरण के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। जिसके लिए जिला निवासियों को सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेना चाहिए।
डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि जहां हमें ऐसे लोहड़ी जैसे त्योहार हमारे सबके साझा त्योहार हैं और इन्हें मिलजुलकर मनाना चाहिए, वहीं हमें सबको जरूरतमंदों की मदद के लिए भी आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि समाज के कमजोर वर्गों, इनमें चाहे जरूरतमंद बच्चे-बच्चियां हों, महिलाएं, दिव्यांगजन हों, बुजुर्ग या कोई भी अन्य, जिन्हें किसी मदद की जरूरत हो, सबके सशक्तिकरण के लिए अपना फर्ज निभाना चाहिए और ऐसे त्योहारों के समय जरूरतमंदों की मदद का हमारा प्रण भी लेना चाहिए।
इस दौरान ए.डी.सी. सिमरप्रीत कौर, एस.डी.एम हरजोत कौर मावी एवं रिचा गोइल, जिला प्रोग्राम अधिकारी परदीप सिंह गिल, जिला सामाजिक सुरक्षा अधिकारी जॉबनदीप कौर चीमा, जिला सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता अधिकारी जसबीर कौर, जिला बाल सुरक्षा अधिकारी शायना कपूर और अन्य विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारियों समेत बड़ी संख्या में बेटियों के माता-पिता भी मौजूद थे।