पंजाब के वित्त, कर और आबकारी मंत्री श्री हरपाल सिंह चीमा ने आज दिड़बा हलके के 11 गाँवों के 81 किसानों को 22.71 लाख रुपये के मुआवज़ा स्वीकृति पत्र सौंपे। इस मौके पर श्री चीमा ने कहा कि यह पहली बार हुआ है कि किसी सरकार ने नुकसान के 30 दिनों के भीतर मुआवज़ा वितरण शुरू किया है और मुआवज़ा राशि भी तीन गुना बढ़ाकर प्रति एकड़ नुकसान का मुआवज़ा 20,000 रुपये कर दिया गया है।
उन्होंने कहा कि पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार लोगों के दुख और दर्द को समझती है और संकट की घड़ी में उनके साथ खड़ी है। दिड़बा हलके के गाँव उग्रहां, नीलोवाल, हम्बलवास, रतनगढ़, रतनगढ़ पट्यांवाली, छाजली, भैणी गंडूआ, कनकवाल भंगूआं, गंडूआ, गोबिंदगढ़ जेझियां, सतौज और धर्मगढ़ के किसानों को संबोधित करते हुए श्री चीमा ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार बाढ़ और बारिश से प्रभावित फसलों का मुआवज़ा पीड़ित किसानों तक पहुँचाने के लिए निरंतर काम कर रही है।
उन्होंने बताया कि यद्यपि संगरूर और दिड़बा इलाकों में नुकसान कम हुआ है, फिर भी हर प्रभावित किसान को मुआवज़ा दिया जा रहा है। पंजाब सरकार राज्य के हर बाढ़ पीड़ित किसान को मुआवज़ा देने के लिए वचनबद्ध है। कैबिनेट मंत्री ने बताया कि पंजाब सरकार ने बाढ़ मुआवज़े के लिए राज्य के लिए 209 करोड़ रुपये की पहली किश्त जारी की है, जिसमें से ज़िला संगरूर के बाढ़ पीड़ितों को 3.50 करोड़ रुपये वितरित किए जा रहे हैं। आने वाले दिनों में अन्य बाढ़ पीड़ितों को भी मुआवज़ा स्वीकृति पत्र सौंपे जाएँगे।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री के ओ.एस.डी. तपिंदर सिंह सोही, मार्केट कमेटी सूलर घराट के चेयरमैन हरविंदर सिंह छाजली, संगरूर इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट के चेयरमैन प्रीतम सिंह पीतू, एस.डी.एम. दिड़बा राजेश कुमार, तहसीलदार राजविंदर कौर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, विभिन्न गाँवों की पंचायतें और बड़ी संख्या में प्रभावित किसान उपस्थित थे।