हरियाणा के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले राज्य मंत्री श्री राजेश नागर ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के मार्गदर्शन में प्रदेष सरकार द्वारा संत महापुरुष सम्मान एवं विचार प्रसार योजना चलाई जा रही है। इस परंपरा के शुरू होने से सामाजिक समरसता और महान संतों की गौरव गाथा को जन-जन तक पहुंचाने का सफल प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि यदि हम अपने समाज के महापुरुषों को याद नहीं करेंगे तो हमारी सभ्यता के महत्वपूर्ण पहलू इतिहास के पन्नों में सिमट कर रह जाएंगे।श्री राजेश नागर आज महर्षि वाल्मीकि जयंती के पावन अवसर पर फरीदाबाद में आयोजित एक कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर स्वच्छता योद्धाओं को सम्मानित भी किया गया।
श्री राजेश नागर ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि आज पूरे देश और प्रदेश में महर्षि वाल्मीकि की जयंती के उपलक्ष्य में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। यह दिन रामायण के रचयिता और संस्कृत साहित्य के आदि कवि महर्षि वाल्मीकि के जन्मदिवस के रूप में मनाया जाता है, जिन्होंने भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक धरोहर को समृद्ध किया। महर्षि वाल्मीकि जी ने मानवता, समानता और धर्म के पथ पर चलने की प्रेरणा दी। वे ज्ञान, सत्य और न्याय के प्रतीक थे। उन्होंने समाज के प्रत्येक वर्ग को यह संदेश दिया कि मेहनत, ईमानदारी और शिक्षा के बल पर जीवन में ऊंचाइयां प्राप्त की जा सकती हैं।