अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और पिछड़ा वर्ग कल्याण के लिए पंजाब विधानसभा समिति ने अध्यक्ष सर्वजीत कौर मानुके के नेतृत्व में आज डा. बी. आर. अंबेडकर भवन का दौरा किया और विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही छात्राओं से बातचीत की। इस दौरान, अध्यक्ष सर्वजीत कौर मानुके ने छात्राओं को कड़ी मेहनत करने और दृढ़ संकल्प व समर्पण के साथ अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कमज़ोर वर्गों के छात्रों को मुफ़्त कोचिंग, अध्ययन सामग्री और करियर परामर्श प्रदान करने की जालंधर प्रशासन की पहल की सराहना की। शिक्षा और सशक्तिकरण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए, उन्होंने कहा कि ये पहल न केवल सरकारी नौकरियों के द्वार खोलेगी, बल्कि लड़कियों में आत्म-विश्वास भी जगाएगी और उनके परिवारों को गर्व महसूस कराएगी।
वर्तमान में, इस कार्यक्रम के अंतर्गत 25 छात्राएं प्रशिक्षण ले रही है, जिसका उद्देश्य विभिन्न सरकारी विभागों की प्रतियोगी परीक्षाओं में वंचित वर्गों का प्रतिनिधित्व बढ़ाना है। अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (शहरी विकास) जसबीर सिंह ने समिति को समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए जिला प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी और शैक्षिक एवं कौशल विकास पहलों के लिए निरंतर समर्थन का आश्वासन दिया।