हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री श्री कृष्ण लाल पंवार ने रविवार को पानीपत के मडलौडा में व्यापारियों के बीच प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के मन की बात कार्यक्रम का 126वां एपिसोड को सुना और उपस्थित लोगों को संबोधित भी किया। उन्होंने कहा कि आज भारत मोदी के नेतृत्व में राष्ट्र सेवा की ओर बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने देश को कई सकारात्मक विषय दिखाने का काम किया है।
उन्होंने कहा कि मन की बात का यह कार्यक्रम हर महीने के अंतिम रविवार को प्रसारित होता है और देश के नागरिकों के साथ सीधे संवाद का एक सशक्त माध्यम बन गया है। आज के संबोधन में प्रधानमंत्री ने कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की है। जिन में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने लोकल फॉर वोकल का जोर दिया है और स्वदेशी अपनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने आज जनभागीदारी और सामाजिक सरोकार से जुड़े मुद्दों पर बात की है।
प्रधानमंत्री ने नागरिकों द्वारा किए गए प्रेरणादायक कार्यों और नवाचारों का उल्लेख भी किया है। प्रधानमंत्री ने आगामी त्योहारों पर शुभकामनाएं दीं और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने का संदेश दिया। प्रधानमंत्री ने देशवासियों से आह्वान किया कि वे राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं और छोटे-छोटे प्रयासों से बड़ा परिवर्तन लाएं।
श्री पंवार ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने लोगों से अपील की है कि आगामी त्योहारों को देखते हुए स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देकर खरीदें। स्थानीय उत्पाद खरीदना न केवल पारंपरिक उद्योगों को बढ़ावा देता है, बल्कि इन उत्पादों को बनाने वाले परिवारों को भी सीधे लाभ पहुंचाता है, जिससे देश की अर्थव्यवस्था निचले स्तर से मजबूत होती है।