पंजाब के स्थानीय निकाय मंत्री डॉ. रवजोत सिंह ने आज राजस्थान के माउंट आबू स्थित ब्रह्माकुमारीज़ शांति वन में आयोजित कार्यक्रम “राजनीति में नैतिकता और अध्यात्मिकता – एक स्वर्ण युग की ओर” में शिरकत की। डॉ. रवजोत सिंह ने कहा कि राजनीति में पारदर्शिता, नैतिक मूल्यों और अध्यात्म के जुड़ने से ही समाज की वास्तविक प्रगति संभव है।
उन्होंने बताया कि इस आयोजन ने सभी जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं को प्रेरित किया है कि वे अपने कार्यों में ईमानदारी और सेवा भाव को सर्वोपरि रखें। कैबिनेट मंत्री जी ने इस अवसर पर पंजाब में आई हालिया बाढ़ की स्थिति का भी उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि बाढ़ से प्रभावित परिवारों की पीड़ा को समझते हुए, यहां मौजूद सभी साधकों ने पंजाब की खुशहाली और प्रभावित लोगों के शीघ्र पुनर्वास के लिए ईश्वर के दर पर सामूहिक प्रार्थना की। डॉ. रवजोत सिंह ने विश्वास दिलाया कि पंजाब सरकार और समाज की साझी कोशिशों से प्रदेश जल्द ही इस आपदा से उबर जाएगा।
साथ ही उन्होंने कहा कि अध्यात्म और मानवीय संवेदनशीलता ही हमें ऐसी विपत्तियों में एकजुट होकर आगे बढ़ने की शक्ति देती है। डॉ. रवजोत सिंह ने ब्रह्माकुमारी संस्था का आभार जताते हुए कहा कि उनका यह प्रयास राजनीति और समाज को नई दिशा देने में सहायक सिद्ध होगा।