स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा, समाज कल्याण और शिक्षा मंत्री सकीना इत्तू ने कुलगाम के के.बी. पोरा क्षेत्र का दौरा किया और जन समस्याओं के समाधान और स्थानीय लोगों की विकासात्मक आवश्यकताओं का जायजा लेने के लिए एक विशाल जनता दरबार लगाया।
इस अवसर पर एक विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए, मंत्री ने उत्तरदायी प्रशासन के महत्व पर ज़ोर दिया और कहा कि मुख्यमंत्री ने लोगों की समस्याओं और शिकायतों के समाधान के लिए एक समर्पित तंत्र ’राबता जनपहंुच कार्यालय’ स्थापित किया है।
मंत्री सकीना ने कहा, “हमारी प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि प्रत्येक नागरिक, चाहे वह कहीं भी रहता हो, उसे गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएँ और अन्य बुनियादी ज़रूरतें उपलब्ध हों। आज का जनता दरबार पारदर्शी शासन, जवाबदेही और जनता की चिंताओं पर त्वरित प्रतिक्रिया के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का प्रमाण है।
“उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी कोने से कोई भी आवाज अनसुनी न रहे। उन्होंने कहा कि के.बी. पोरा और इसके आस-पास के सभी क्षेत्र समान ध्यान और विकास के हकदार हैं। मंत्री ने इस बात पर प्रकाश डाला कि उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व वाली सरकार जनता की विकासात्मक आवश्यकताओं और अन्य मुद्दों के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने आगे ज़ोर देकर कहा कि सरकार बेहतर बुनियादी ढाँचे, स्थानीय युवाओं के लिए रोज़गार के अवसर और कल्याणकारी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन पर ध्यान केंद्रित कर रही है। जनता दरबार के दौरान, सकीना इत्तू ने स्थानीय निवासियों से भी बातचीत की और उनकी ज्वलंत समस्याओं और माँगों का जायज़ा लिया।
इस अवसर पर स्थानीय लोगों ने के.बी. पोरा-हॉकवास सड़क के उन्नयन, जेके बैंक की शाखा और एटीएम की स्थापना, गल्र्स मिडिल स्कूल के उन्नयन, स्वास्थ्य केंद्रों और शैक्षणिक संस्थानों में कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने, पुस्तकालय और वाचनालय, विवाह भवन, सार्वजनिक पार्क और खेल के मैदान जैसे विभिन्न मुद्दे उठाए।
मंत्री ने जन प्रतिनिधिमंडलों से बातचीत करते हुए उन्हें आश्वासन दिया कि उनकी वास्तविक समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों से जन कल्याणकारी सेवाओं की प्रभावी निगरानी के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों में समय≤ पर समीक्षा और क्षेत्रीय दौरे करने का भी आह्वान किया। इससे पहले, स्वास्थ्य मंत्री ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के.बी. पोरा का भी दौरा किया और जनता के उपयोग के लिए एक विश्लेषक मशीन समर्पित की।