पिछले कई दिनों से पंजाब के कुछ ज़िले बाढ़ की मार झेल रहे हैं, जिसके कारण बड़े स्तर पर लोगों और फसलों को नुकसान पहुँचने के साथ-साथ आम जनजीवन भी अस्त-व्यस्त हो गया है। इस कठिन घड़ी में ज़रूरतमंदों के मसीहा के रूप में जाने जाने वाले सरबत दा भला चैरिटेबल ट्रस्ट के संस्थापक डा. एस.पी. सिंह ओबेरॉय ने आज अजनाला क्षेत्र के बाढ़ पीड़ित लोगों के लिए करीब 63 क्विंटल सूखा राशन अजनाला में डिप्टी कमिश्नर साक्षी साहनी की मौजूदगी में ज़िला प्रशासन को सौंपा।
इस दौरान बाढ़ राहत हेतु बनी उच्च स्तरीय समिति के वरिष्ठ अधिकारी श्री कमल किशोर यादव (सचिव, उद्योग एवं निवेश), बसंत गर्ग (सचिव, कृषि), वरुण रूज़म (सचिव, परिवहन), ए.डी.सी. रोहित गुप्ता और रेडक्रॉस के सचिव सैमसन मसीह भी विशेष रूप से उपस्थित थे।इस संबंध में जानकारी देते हुए डा. एस.पी. ओबेरॉय ने कहा कि पंजाब इस समय बाढ़ के कारण कठिन दौर से गुज़र रहा है।
पंजाब का बड़ा हिस्सा पानी की चपेट में है। सरबत दा भला चैरिटेबल ट्रस्ट इस मुश्किल घड़ी में पंजाब की जनता के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि हालात सामान्य होने तक जिस प्रकार की भी सहायता की आवश्यकता होगी, ट्रस्ट प्रशासन और लोगों को हर संभव सहयोग देगा। उन्होंने बताया कि अब तक डेढ़ करोड़ रुपये मूल्य की राहत सामग्री विभिन्न स्थानों पर भेजी जा चुकी है।
अजनाला क्षेत्र के बाढ़ पीड़ितों के लिए सूखा राशन प्रशासन को सौंपने पहुंचे ट्रस्ट के पंजाब प्रधान सुखजिंदर सिंह हेर, सलाहकार सुखदीप सिद्धू, ज़िला प्रधान शिशपाल लाडी, महासचिव मनप्रीत संधू चमियारी, कोषाध्यक्ष नवजीत काई, एक्सईएन जगदेव सिंह छीना, अमरजीत सिंह संधू और मनप्रीत सिंह कंबोज ने बताया कि आज ट्रस्ट की ओर से ज़िला प्रशासन को 25 किलो प्रति किट के हिसाब से 250 किटें सौंपी गई हैं। इनमें आटा, चावल, दालें, शक्कर, चाय पत्ती, तेल और मसाले आदि शामिल हैं। उन्होंने बताया कि ट्रस्ट द्वारा सूखे राशन के अलावा पशुओं का चारा, दवाइयां, मच्छरदानियां और तिरपाल आदि सामग्री भी दी जा रही है।