उपमुख्यमंत्री सुरिंदर कुमार चौधरी ने नागरिक सचिवालय श्रीनगर में हस्तशिल्प एवं हथकरघा निगम के कामकाज की समीक्षा की। बैठक की शुरुआत में जेकेएचएचसी के प्रबंध निदेशक ने उपमुख्यमंत्री, जो जेकेएचएचसी के अध्यक्ष भी हैं, का स्वागत किया और दोनों निगमों के कामकाज के साथ-साथ भौतिक एवं वित्तीय उपलब्धियों और दोनों निगमों के सुचारू संचालन में आने वाली समस्याओं के बारे में जानकारी दी।
जेकेएचएचसी के प्रबंध निदेशक ने अध्यक्ष को शोरूम के प्रदर्शन, देनदारियों, वित्तीय लाभ/हानि, भविष्य की योजनाओं आदि के बारे में जानकारी दी। उपमुख्यमंत्री इस बात से संतुष्ट थे कि जेकेएचसी वेतन और अन्य घटकों का प्रबंधन स्वयं के राजस्व सृजन से कर रहा है और देश भर में जेएंडके हस्तशिल्प बिक्री एवं निर्यात निगम के अलग-अलग शोरूम/शाखाओं के राजस्व सृजन की भी समीक्षा कर रहा है।
उपमुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारी को घाटे में चल रहे शोरूमों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, ताकि उन्हें लाभदायक बनाने के लिए उचित कदम उठाए जा सकें। सुरिंदर चैधरी ने जेकेएचएचसी के एमडी से कहा कि निगमों को लाभदायक बनाने पर ध्यान केंद्रित किया जाना चाहिए और इसके लिए उत्पादों की ब्रांडिंग, लोगों में जागरूकता, अच्छे सेल्समैन की भर्ती, शोरूमों के प्रमुख स्थान जैसी पहलों पर विचार किया जाना चाहिए।
चर्चा के दौरान उपमुख्यमंत्री ने निगम के सेवानिवृत्त कर्मचारियों की लंबित वैधानिक देनदारियों और सेवारत कर्मचारियों की पदोन्नति के मुद्दों को भी उठाया और प्रबंध निदेशक को सभी कैडर के अनुसार कर्मचारियों की वरिष्ठता सूची बनाने और उसके बाद डीपीसी का गठन करने का निर्देश दिया, ताकि लंबित मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जा सके और उनका मनोबल बढ़ाया जा सके, जिससे निगम की बिक्री में स्वतः ही वृद्धि होगी।
सुरिंदर चैधरी ने देश और विदेश में नए शोरूम खोलने के संबंध में आयुक्त सचिव और प्रबंध निदेशक जेकेएचसी के प्रस्तावों और चर्चाओं की भी सराहना की और अधिक बाजार अवसरों का पता लगाने के लिए चैथी आने वाली अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी में भाग लेने का सुझाव भी दिया।
उपमुख्यमंत्री ने उत्पादन से वितरण तक एक संपूर्ण पारिस्थितिकी तंत्र विकसित करने का आह्वान किया और जोर दिया कि इससे वांछित लक्ष्य को प्राप्त करने में मदद मिलेगी। बैठक में आयुक्त सचिव उद्योग एवं वाणिज्य विक्रमजीत सिंह, उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के सचिव खालिद जहांगीर, प्रबंध निदेशक जेकेएचएचसी अतुल शर्मा सहित दोनों निगमों के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।