केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री श्री कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि पिछले लगभग 11 वर्षों में हरियाणा ने अभूतपूर्व विकास की दिशा में कदम बढ़ाए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में राज्य ने कई महत्वपूर्ण योजनाओं को लागू किया है, जिनसे आम जनता को सीधा लाभ हुआ है।
केंद्रीय राज्य मंत्री आज पलवल में आयोजित धन्यवाद रैली को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कांग्रेस सरकार के कार्यकाल और वर्तमान सरकार के कार्यकाल की तुलना करते हुए कहा कि 2014 तक हरियाणा के 6700 गांवों में से सिर्फ 600 गांवों में 24 घंटे बिजली आती थी। जबकि हमारी सरकार ने 600 गांवों को बढ़ाकर 6 हजार किया है।
कांग्रेस सरकार ने 10 सालों में 500 किलोमीटर हाईवे बनाए जबकि हमारी सरकार ने 10 सालों में 5000 किलोमीटर हाइवे बनाए। कांग्रेस सरकार में केवल 1000 रुपए पेंशन मिलती थी, जबकि आज राज्य सरकार ने वृद्धावस्था पेंशन को 3000 रुपए तक बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार ने 24 फसलों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीदने का निर्णय लिया है, जिससे किसानों को उनकी फसलों का उचित मूल्य मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान दिया है। ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी को बेहतर बनाया है। हरियाणा सरकार ने महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए कई योजनाएं शुरू की हैं, जिनमें महिला कॉलेजों की स्थापना, नर्सिंग कॉलेजों की स्थापना, और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की वेतन वृद्धि शामिल हैं।
कृष्ण लाल गुर्जर ने सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि हमारी सरकार ने किसानों के लिए फसल बीमा योजना, प्राकृतिक आपदाओं में सहायता और डीएपी की कीमतों में नियंत्रण जैसे कदमों से किसानों को सशक्त करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने किसानों की फसलों के नुकसान की स्थिति में मुआवजा देने की प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाया है। चुनावों में जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की जनकल्याणकारी नीतियों पर जताया विश्वास: विपुल गोयल
शहरी स्थानीय निकाय मंत्री श्री विपुल गोयल ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी की कथनी और करनी में कोई अंतर नहीं है। वे एक ऐसे जन नेता हैं जो 24 घंटे जनता की सेवा, समस्याओं के समाधान और प्रदेश के समग्र विकास के लिए पूरी निष्ठा से समर्पित हैं। उनके नेतृत्व में हरियाणा एक नए युग में प्रवेश कर चुका है, जहां पारदर्शिता, जनभागीदारी और विकास की स्पष्ट दिशा दिखाई देती है।
श्री गोयल ने विशेष रूप से पलवल की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वर्ष 2024 के विधानसभा चुनाव में, जब राजनीतिक हालात चुनौतीपूर्ण थे, तब भी इस क्षेत्र की जागरूक जनता ने एकजुट होकर भारतीय जनता पार्टी को प्रचंड बहुमत से विजयी बनाया। उन्होंने कहा कि यह चुनाव मात्र एक राजनीतिक विजय नहीं थी, बल्कि यह प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी की जनकल्याणकारी नीतियों पर जनता के अपार विश्वास और समर्थन की जीत थी।
उन्होंने कहा कि पलवल आज विकास की नई परिभाषा लिख रहा है। सड़कें, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल और उद्योग, हर क्षेत्र में प्रगति हो रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह करते हुए कहा कि पलवल की जनता ने जिस भरोसे और उम्मीद के साथ समर्थन दिया है, उस पर खरा उतरने के लिए सभी घोषणाओं और विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाए।
हमारी सरकार हर वर्ग के उत्थान के लिए पूरी तरह समर्पित : राजेश नागर
राज्य मंत्री श्री राजेश नागर ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि पलवल को 2014 से पहले पिछड़ा क्षेत्र माना जाता था, लेकिन जब से हमारी सरकार ने केंद्र और प्रदेश में सत्ता संभाली, तभी से इस क्षेत्र की तस्वीर बदलनी शुरू हुई है। आज पलवल तेज़ी से तरक्की कर रहा है। आज पलवल में नए-नए उद्योग लग रहे हैं। पलवल न केवल केएमपी एक्सप्रेसवे से जुड़ा है, बल्कि बॉम्बे-वडोदरा एक्सप्रेसवे और जेवर एयरपोर्ट के भी बहुत निकट है। आने वाले वर्षों में पलवल को इन सभी परियोजनाओं का सबसे अधिक लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को सम्मान दिया है। चाहे उज्ज्वला योजना के माध्यम से 500 रुपए में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराना हो, 80 करोड़ से अधिक लोगों को मुफ्त राशन देना हो, हर गरीब के सिर पर छत सुनिश्चित करने की योजना हो, या फिर आयुष्मान भारत जैसी स्वास्थ्य सेवाओं और किसानों के लिए चलाई गई कल्याणकारी योजनाएं हों, इन सभी प्रयासों ने यह साबित कर दिया है कि हमारी सरकार हर वर्ग के उत्थान के लिए पूरी तरह समर्पित है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा तेज़ी से विकास के मार्ग पर अग्रसर: गौरव गौतम
खेल राज्य मंत्री श्री गौरव गौतम ने मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी का स्वागत करते हुए कहा कि यह ऐतिहासिक अवसर न केवल पलवल जिले के लिए गर्व की बात है, बल्कि यह संपूर्ण हरियाणा के विकासशील भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण संकेत है। उन्होंने कहा कि पलवल की जनता ने मुख्यमंत्री के नेतृत्व में अभूतपूर्व समर्थन दिया है। यहां की जनता ने बड़े-बड़े दावेदारों को चुनाव में हराकर नया इतिहास रच दिया है। पलवल में अब तक की सबसे बड़ी जीत दर्ज हुई है, जिससे कांग्रेस पार्टी अब तक उबर नहीं पाई है।
गौतम ने कहा कि आज भारत प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में निरंतर प्रगति कर रहा है, वहीं हरियाणा भी मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के कुशल नेतृत्व में तेज़ी से विकास के मार्ग पर अग्रसर है। हरियाणा में अब विकास का पहिया नहीं रुकने वाला है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री 36 बिरादरियों के सच्चे प्रतिनिधि हैं, जिनके नेतृत्व में समाज के हर वर्ग का सशक्तिकरण और हर क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित हो रहा है। इस अवसर पर श्री गौरव गौतम ने मुख्यमंत्री के समक्ष क्षेत्र के विभिन्न विकास कार्यों को लेकर एक मांग पत्र भी प्रस्तुत किया। इस अवसर पर अनेक गण्मान्य अतिथि उपस्थित रहे।