केंद्र की भाजपा सरकार की शह पर बी.बी.एम.बी. द्वारा हरियाणा को जबरन 8500 क्यूसेक अतिरिक्त पानी छोड़े जाने के फैसले के विरोध में आज विधायक ब्रम शंकर जिम्पा के नेतृत्व में लेबर शेड से भाजपा कार्यालय, होशियारपुर तक जोरदार रोष मार्च निकाला गया। इस अवसर पर श्री जिम्पा ने कहा कि पंजाब के पास केवल अपने हिस्से का ही पानी है, जिसे जबरन छीनने की कोशिश की जा रही है।
उन्होंने मांग की कि भाजपा द्वारा पंजाब के साथ की जा रही जबरदस्ती और अत्याचार को तुरंत रोका जाए। आप पार्टी के कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में उपस्थित नेताओं ने केंद्र सरकार, हरियाणा सरकार, भाजपा और बी.बी.एम.बी. के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए विरोध दर्ज कराया।विधायक जिम्पा ने कहा कि हरियाणा पहले ही अपने हिस्से से अधिक पानी ले चुका है, और अब 8500 क्यूसेक पानी जबरदस्ती लेकर पंजाब के साथ अन्याय किया जा रहा है, जिसे पंजाब सरकार की ओर से कतई सहन नहीं किया जाएगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की केंद्र सरकार हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान की सरकारों के साथ मिलकर पंजाब और पंजाबियों के खिलाफ गहरी साजिश रच रही है। इसका मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा। पंजाब का किसान और उद्योग बिना पानी के बर्बाद हो जाएगा, इसलिए अपने हक के पानी पर किसी भी सूरत में डाका नहीं पड़ने दिया जाएगा।
विधायक ने आरोप लगाया कि यह एक सोची-समझी साजिश है जिसके तहत केंद्र की भाजपा सरकार, हरियाणा सरकार और बी.बी.एम.बी. मिलकर पंजाब का पानी लूटना चाहते हैं, लेकिन आम आदमी पार्टी और मुख्यमंत्री भगवंत मान की सरकार इसे कभी सफल नहीं होने देगी।अंत में उन्होंने स्पष्ट कहा कि पंजाब का पानी हमारी अमानत है, इसे किसी के साथ साझा नहीं किया जाएगा।
राज्य सरकार पंजाब के अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी मजबूती से खड़ी है और भाजपा की जबरदस्ती को कभी सफल नहीं होने देगी। इस मौके पर मेयर सुरिंदर शिंदा जी, संदीप चेची, पार्षद बलविंदर जी, लक्की चंदन, संतोष सैनी, सुमन, राजन बसी गुलाम हुसैन, प्रितपाल, राजिंदर, बिंदा, वंदना भी मौजूद थे।