हरियाणा के राज्य चुनाव आयुक्त श्री धनपत सिंह ने बताया कि पानीपत नगर निगम नामांकन पत्रों की जांच पड़ताल के बाद महापौर (मेयर) पद के लिए 6 तथा 26 वार्डों में वार्ड सदस्यों के लिए 121 उम्मीदवारों के नामांकन पत्र सही पाये गये हैं। राज्य चुनाव आयुक्त श्री धनपत सिंह ने बताया कि इनमें से जो उम्मीदवार अपना नामांकन वापस लेना चाहेंगे वे 1मार्च को सुबह 11 बजे से 3 बजे तक अपना नामांकन वापिस ले सकते हैं।
3 बजे के बाद जो उम्मीदवार चुनाव मैदान में रह जायेंगे उन्हें उसी दिन चुनाव चिन्ह आबंटित कर दिए जायेंगे। इसके बाद 1 मार्च को ही चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों एवं मतदान केन्द्रों की सूची निर्धारित स्थान पर चस्पा कर दी जाएगी। 9 मार्च रविवार को सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। सम्पूर्ण चुनाव प्रक्रिया संपन्न होने पर 12 मार्च को सुबह 8 बजे से मतगणना करवाई जाएगी और इसी दिन चुनाव के परिणाम घोषित किये जायेंगे।