राजस्थान रॉयल्स टीम के कप्तान शेन वॉटसन ने शुक्रवार को कहा कि उन्हें भारतीय पिचों पर खेलना पसंद है। वॉटसन के मुताबिक भारत में खेलते हुए विदेशी खिलाड़ियों को भी स्थानीय दर्शकों का अपार प्यार और समर्थन मिलता है और इससे खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ता है। एमिटी विश्वविद्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में राजस्थान रॉयल्स टीम के पूर्व कप्तान राहुल द्रविड़ के साथ पहुंचे वॉटसन ने कहा कि भारत में बड़ी संख्या में दर्शकों के सामने खेलना हमेशा से उत्साहजनक और प्रेरणादायी होता है।वॉटसन और द्रविड़ के साथ राजस्थान रॉयल्स टीम के अजिंक्य रहाणे, संजू सैमसन, स्टुअर्ट बिन्नी और टिम साउदी भी एमिटी परिसर पहुंचे थे। इन सबने राजस्थान रॉयल्स का झंडा लहरा रहे छात्रों के साथ काफी देर तक बातचीत की।वॉटसन ने सहयोग और समर्थन के लिए एमिटी विश्वविद्यालय का धन्यवाद किया। इस दौरान पूछे गए एक सवाल के जवाब में वॉटसन ने कहा, "मुझे भारत में खेलना पसंद है क्योंकि यहां विदेशी खिलाड़ियों को भी काफी प्यार और समर्थन मिलता है। यहां के लोगों में क्रिकेट की समझ है और काफी अधिक संख्या में दर्शकों के सामने खेलना हमेशा से उत्साहजनक और प्रेरणादायी होता है।"छात्रों की विशेष मांग पर वॉटसन ने गिटार भी बजाया और गाना भी गाया।