Thursday, 04 June 2026

 

 

खास खबरें डोनाल्ड ट्रंप ने युद्ध शक्तियों पर संसद के मतदान को बताया 'फिजूल' सरबजीत सिंह झिंझर की ‘बोलेगा घनौर बदलेगा दौर’ पदयात्रा के छठे दिन घनौर में पेयजल संकट की हकीकत आई सामने इंडोनेशिया ओपन : पीवी सिंधु और आयुष शेट्टी की हार के साथ भारत का सिंगल्स अभियान समाप्त तेल आयात कम करने से लेकर किसानों की समृद्धि तक : हरदीप सिंह पुरी ने पहले फ्लेक्स-फ्यूल यात्री वाहन का शुभारम्भ किया भारत और ब्रिटेन ने महत्वपूर्ण खनिज आपूर्ति श्रृंखला वेधशाला शुरू की 144 वर्षों में किसी सरकार ने नहरों का पानी नहीं लेने दिया, मुख्यमंत्री भगवंत मान किसानों के मसीहा बने : मनविंदर सिंह ग्यासपुरा पीएम मोदी के नेतृत्व में पूर्वोत्तर ने देखा ऐतिहासिक बदलाव : सीएम पेमा खांडू हरपाल सिंह चीमा ने मुलाजिम यूनियनों से की मुलाकात मंत्रिमंडल की बैठकों में लिए गए 99 प्रतिशत निर्णय पूरी तरह कार्यान्वितः जगत सिंह नेगी मंत्रिमंडलीय उप-समिति की बैठक आयोजित एमवाई भारत ने 3.9 लाख क्विज़ पार्टिसिपेंट्स के साथ गिनीज़ वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया जितिन प्रसाद ने आईआईएफटी में जीबीआरसी 2026 का उद्घाटन किया शिमला पहाड़ी चौक की वर्षों पुरानी जलभराव समस्या का समाधान पंजाब पुलिस ने बड़ी आतंकी साजिश को किया नाकाम रोटरी क्लब रोपड़ सेंट्रल के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रवि प्रकाश का आधिकारिक दौरा सरकार 2027 तक 5,000 ई85 फ्यूल स्टेशन शुरू करेगी : हरदीप सिंह पुरी 1 किलोवाट उपभोक्ताओं के घर बिना बैंक गारंटी लगेगा सोलर सिस्टम, बिजली बिल होगा शून्य : अनिल विज सीएम मोहन चरण माझी ने बैठक में आपदा जोखिम कम करने पर ब्रिक्‍स के बीच सहयोग की अपील की नशों के खिलाफ अभियान को और मजबूत बनाने के लिए अमृतसर केंद्रीय में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित नशाविरोधी अभियान के दौरान हवलदार शहीद भारत की ओर बढ़ रहा है दीर्घकालिक वैश्विक निवेश, निवेशकों के लिए सबसे भरोसेमंद गंतव्य बना देश : पीयूष गोयल

 

इनेलो की सरकार बनने पर बुढ़ापा पेंशन दस हजार प्रति माह देंगे : ओमप्रकाश चौटाला

भाजपा ने जो वायदे किसानों से किए थे वो पूरे नहीं किए: शरद पंवार

Om Parkash Chautala, Indian National Lok Dal, Haryana, INLD
Listen to this article

Web Admin

Web Admin

5 Dariya News

फतेहाबाद , 25 Sep 2022

Last updated on: Sep 25, 2022, 00:00 IST

स्व. ताऊ देवी लाल के जन्मोत्सव पर फतेहाबाद में आयोजित ‘सम्मान दिवस रैली’ में लाखों की भीड़ को सम्बोधित करते हुए इनेलो सुप्रीमो चौधरी ओमप्रकाश चौटाला ने कहा कि हमारा किसी से द्वेष, विरोध और व्यक्तिगत या राजनैतिक स्वार्थ नहीं है, हम तो जननायक के स्वप्न को साकार करने के पक्षधर हैं। 

प्रजातांत्रिक प्रणाली में जनता के समर्थन से सरकारें बनती है और सरकार का ये दायित्व बनता है कि वो लोगों की मूलभूत जरूरियात पूरी करे। जनता को रोजी-रोटी, रहने के लिए घर, अच्छी शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं दे। अगर जो सरकार ऐसा न करे उसे जनता बदल देती है। इनेलो की सरकार बनने पर मैं इस स्थिति को ही बदल दूंगा कि ‘सरकार आपके द्वार’ आया करेगी। 

इनेलो सरकार के दौरान मैं ‘सरकार आपके द्वार’ गांव-गांव जाया करता था और मौके पर ही समस्याओं का समाधान किया जाता था। उन्होंने कहा कि आज नया निर्णय ले लो कि इस कुशासन का अंत किया जाए।इनेलो सुप्रीमो ने कहा कि निश्चित रूप से आपकी सरकार बनेगी और सरकार बनने पर काटी गई पेंशन को ब्याज सहित दिया जाएगा। 

उन्होंने घोषणा करते हुए कहा कि इनेलो सरकार बनने पर बुढ़ापा सम्मान पेंशन दस हजार, महिलाओं को प्रति माह एक हजार, बेरोजगारी भत्ता 21 हजार रुपए प्रति माह दिए जाएंगे। सालभर के अंदर ही एसवाईएल नहर का पानी हरियाणा की प्यासी धरती को दिया जाएगा। गरीब लोगों को अनेक सुविधाएं प्रदान करेंगे। 

कृषि कानूनों खिलाफ आंदोलन में शहीद हुए किसानों का जलियांवाला बाग की तर्ज पर स्मारक बनाया जाएगा। ई-नेम प्रणाली को समाप्त किया जाएगा और आढ़तियों को कमीशन तीन प्रतिशत किया जाएगा। किसानों की सभी फसलें सिर्फ मंडियों में ही खरीदी और बेची जाएंगी। किसानों की फसल एमएसपी पर खरीदी जाए, इसके लिए केंद्र सरकार को मजबूर किया जाएगा। इनेलो की सरकार बनने पर कमेरों का राज बनेगा और लुटेरे सलाखों के पीछे भेजे जाएंगे।

अभय सिंह चौटाला

अभय सिंह चौटाला ने रैली में पहुंचे सभी नेताओं का रैली में पहुंचने पर अभिनंदन करते हुए आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि पूरे देश के विपक्षी दल आज यहां एकजुट हुए हैं और आने वाले समय में भाजपा को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएंगे। उन्होंने रैली को सफल बनाने के लिए पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, रैली में आई महिलाओं और रैली में उपस्थित लाखों लोगों का आभार व्यक्त किया।

शरद पंवार

महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री शरद पंवार ने कहा कि आज के दिन हम ऐसे व्यक्ति की जयंती मनाने के लिए इक_ा हुए हैं जिसने किसान, गरीब और मजदूरों की भलाई के लिए अपनी जिंदगी समर्पित की। उन्होंने कहा कि उन्हें खुशी है कि उन्हें अपनी जीवन में चौधरी देवी लाल के साथ काम करने का मौका मिला। 

चौधरी देवी लाल चाहे मुख्यमंत्री रहे या फिर कृषि मंत्री रहे, उनके काम करने का तरीका कैसे समाज के लोगों का भला हो, उसके लिए समर्पित था। एक समय ऐसा था जब विदेशों से अनाज लाना पड़ता था लेकिन किसानों ने अपना खून-पसीना एक कर आज देश की स्थिति को बदल दिया है। भाजपा ने जो वायदे किसानों से किए थे वो पूरे नहीं किए। न तो किसानों की फसल एमएसपी पर खरीदी जा रही और न ही आंदोलन के दौरान किसानों पर दर्ज किए गए मुकदमे वापिस नहीं किए गए। 

आज देश में महंगाई और बेरोजगारी का संकट है, किसानों की किसी भी समस्या का कोई हल नहीं है। किसान बैंकों का कर्जदार होने के कारण आत्महत्या करने पर मजबूर हैं। 2024 में हम सब मिलकर स्थिति और हुकूमत में बदलाव लाएंगे।

सीता राम येचुरी

सीपीआई के वरिष्ठ नेता सीता राम येचुरी के कहा कि उनके लिए ये गर्व की बात है कि इनेलो सुप्रीमो ने स्व. ताऊ देवी लाल की जयंती पर आयोजित सम्मान दिवस रैली में आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि उसूल के आधार पर राजनीति करना उन्होंने ताऊ देवी लाल से सीखा है। आज के दिन उसूलों के आधार पर राजनीति खत्म होती जा रही है। 

चौधरी देवी लाल ने उसूलों की खातिर प्रधानमंत्री का पद ठुकराया वहीं पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री रहे ज्योति बसु जी ने कई बार प्रधानमंत्री बनने का अवसर मिलने के बावजूद उसूलों की खातिर मना कर दिया। ताऊ देवी लाल ने किसानों को उनकी फसलों के उचित दाम दिलवाए।

येचुरी ने कहा कि देश में लूट मची है। भाजपा सरकार पूंजीपतियों को सरकारी सम्पत्तियां बेच रही है। अमीर और  ज्यादा अमीर व गरीब और ज्यादा गरीब होता जा रहा है। सरकारी सम्पत्तियां आम लोगों की सम्पत्ति है। अगर कोई उनकी सम्पत्ति को बेचेगा तो उसकी मालिक जनता सरकार को ही बदल देगी। 

आज देश में नफरत की राजनीति हो रही है और जिस देश में ऐसा होता है उसकी देश की कभी तरक्की नहीं हो सकती। भाजपा और देश के प्रधानमंत्री कहते हैं कि आज अमृतकाल आ गया है। अमृत समुद्र मंथन से पैदा हुआ था, उसके साथ ही विष भी पैदा हुआ था, वो अमृत राक्षसों के हाथ लग गया था। 

ऐसे ही 75 सालों बाद देश में जो अमृत निकला है वो राक्षसों के हाथ लग गया है, हमें वो अमृत वापस लेकर आना है। यह मेरे ‘मन’ की बात नहीं ‘दिल’ की बात है कि भारत को बचाने के लिए हमें यह संकल्प लेना अनिवार्य है कि आने वाले दिनों में भाजपा को सत्ता से बाहर कर एक बेहतर भारत का निर्माण करें।

नीतीश कुमार

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सम्मान दिवस रैली को सम्बोधित करते हुए कहा कि उन्हें 2016 में सम्मान दिवस रैली में आने का मौका मिला था। आज फिर से यहां आने पर उन्हें बहुत खुशी हुई। जेपी आंदोलन में उन्हें ताऊ देवी लाल के साथ काम करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। ताऊ देवी लाल ने हम को बहुत आशीर्वाद दिया।

मुख्यमंत्री रहते हुए ताऊ जब बिहार आए थे तब इतने लोग इक_े हुए कि उन्हें पटना पहुंचने में घंटों लग गए थे। 1989 में लोकसभा चुनाव में भी ताऊ देवी लाल उनके प्रचार के लिए पहुंचे थे। 1989 में सरकार बनने पर ताऊ देवी लाल को पार्टी का नेता चुन लिया गया था लेकिन उन्होंने वीपी सिंह को प्रधानमंत्री बनाया और मुझे राज्यमंत्री बनाया और कृषि मंत्रालय दिया। ताऊ देवी लाल ने उनसे कहा कि पॉर्लियामेंट में कृषि मंत्रालय से संबंधित अब सारे जवाब तुम्हें ही देने हैं।

ओमप्रकाश चौटाला जी हरियाणा के पांच बार मुख्यमंत्री रहे हैं और कृषि से संबंधित जो भी बात रखते थे वे उन्हें मानते थे। यह बहुत तकलीफ की बात थी जब ओमप्रकाश चौटाला जी को साजिश के तहत जेल में डाल दिया गया। जब हमारी पार्टी भाजपा के साथ गई तब भी चौटाला ने कहा था कि उन्हें छोडक़र हमारे साथ आ जाएं। 

आखिरकार, भाजपा को छोडक़र इनके पास ही आना पड़ा। भाजपा की केंद्र सरकार ने देश की जनता से जो वायदे किए थे, उन सभी से मुकर गई। उन्होंने इच्छा जाहिर करते हुए कहा कि पूरे देश में विपक्ष भाजपा के खिलाफ एकजुट हो और चरणस्पर्श करते हुए ओमप्रकाश चौटाला जी से आग्रह किया कि वे पूरे देश में ज्यादा से ज्यादा पार्टियों को जोडऩे का काम करें। सभी एकजुट हो जाएंगे तो 2024 में भाजपा बुरी तरह से हार जाएगी। 

आज पूरे देश की मीडिया का नियंत्रण भाजपा के हाथ में है। जो भाजपा चाहती है वही छपता है।उन्होंने कहा कि भाजपा समाज को बांटने का काम कर रही है। हिन्दू और मुस्लिम का कोई झगड़ा नहीं है लेकिन कुछ लोग गड़बड़ करने के चक्कर में रहते हैं। उन्होंने कहा कि ‘तीसरा मोर्चा गठबंधन’ की बात नहीं है यह ‘मुख्य गठबंधन’ बनाने की बात है। 

इसलिए किसान, मजदूर, गरीब के उत्थान और विकास के लिए एकजुट होना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि सभी लोग एकजुट होंगे तो देश आगे बढ़ेगा। उनके इस अनुरोध का रैली में उपस्थित लाखों की भीड़ ने अपने हाथ उठाकर समर्थन किया।

तेजस्वी यादव

बिहार के उप-मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने सबसे पहले स्व. ताऊ देवी लाल और सर छोटू राम को नमन् किया एवं लालू प्रसाद यादव की तरफ से ताऊ देवी लाल को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि बिहार से चलकर यही संदेश देने के लिए आए हैं कि आज वो जिस कुर्सी पर बैठे हैं वो ताऊ देवी लाल की ही देन है। ताऊ देवी लाल ने समाजवाद की विचारधारा को आगे बढ़ाया।

आज देश की जो स्थिति है वो किसी से छुपी नहीं है। भाजपा सभी पार्टियों को खत्म करना चाहती है। हरियाणा के किसानों और जवानों ने इन संघियों को अच्छे से सबक सिखाने का काम किया। कृषि के काले कानूनों के खिलाफ किसानों ने आंदोलन किया और प्रधानमंत्री को कानून वापिस लेने के लिए मजबूर किया। उन्होंने अभय सिंह चौटाला की सराहना करते हुए कहा कि पूरे देश में वो एकमात्र विधायक थे जिन्होंने किसानों के हक में अपने विधायक के पद से इस्तीफा दिया।

तेजस्वी ने कहा कि भाजपा बेरोजगारी और महंगाई पर बात नहीं करती। वो सिर्फ हिंदू-मुस्लिम, मंदिर और मस्जिद पर बात करती है। एक समय ऐसा था जो इस मंच पर मौजूद सभी पार्टियां एनडीए का हिस्सा होती थी लेकिन एक-एक कर सभी एनडीए से बाहर हो गए। आज यहां मंच पर जितनी भी पार्टियों के नेता बैठे हैं वो लोकतंत्र को बचाने के लिए इक_ा हुए हैं। भाजपा ने रेलवे, हवाई अड्डे और पोर्ट समेत सरकारी सम्पत्तियां बेच दीं। पहले भाजपा को महंगाई ‘डायन’ लगती थी लेकिन अब वही महंगाई ‘भोजाई’ नजर आती है। उन्होंने कहा कि बीजेपी का मतलब ‘बडक़ा झूठा पार्टी’ है।

सुखबीर बादल

पंजाब के पूर्व उप-मुख्यमंत्री सुखबीर बादल ने रैली को सम्बोधित करते हुए कहा कि इनेलो और अकाली दल सगे भाई हैं। ये ऐसा रिश्ता है चाहे तूफान आए चाहे अंधेरी आए लेकिन दोनों इक_े रहे। उन्होंने कहा कि चौधरी चरण सिंह, ताऊ देवी लाल, स. प्रकाश सिंह बादल और शरद पंवार, इन चारों ने किसानों के हक की आवाज उठाई और आज जो हालात देश के हैं, उसमें किसानों से किए गए सारे वायदे भाजपा वाले भूल गए हैं।

जब-जब भी हरियाणा में इनेलो की सरकार आई तब-तब किसान, मजदूर और कमेरों की भलाई के काम हुए। चाहे बुजुर्गों की पेंशन की बात हो और चाहे किसानों की खराब फसल के मुआवजे की बात हो, सभी ताऊ देवी लाल की देन है। किसान, गरीब, मजदूर अगर एक झण्डे के नीचे आ जाएं तो अपनी सरकार पक्की है।

सत्यपाल मलिक

मेघालय के राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने वीडियो संदेश भेजकर ताऊ देवी लाल को श्रद्धांजलि अर्पित की और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ताऊ देवी लाल और चौटाला साहब मेरे विधानसभा चुनाव में प्रचार के लिए आए थे और वो स्वयं भी प्रचार के लिए रोड़ी विधानसभा चुनाव में गए थे।

उद्धव ठाकरे की तरफ से शिवसेना के मौजूदा सांसद अरविंद सावंत रैली में पहुंचे। मिजोरम के पूर्व मंत्री और मौजूदा विधायक मेवर कुमार जमातिया, केसी त्यागी रैली में पहुंचे। जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारुख अब्दुल्ला स्वास्थ्य ठीक न होने की वजह से नहीं आ सके। उन्होंने लिखित संदेश भेजकर ताऊ देवी लाल को श्रद्धांजलि दी। 

वहीं उड़ीसा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक स्वास्थ्य ठीक न होने के कारण रैली में नहीं पहुंच सके और लिखित संदेश भेजकर ताऊ देवी लाल को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान राष्ट्रवादी जन लोक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शेर सिंह राणा और पूर्व सीपीएस रामपाल माजरा भी मंच पर मौजूद रहे।

 

Tags: Om Parkash Chautala , Indian National Lok Dal , Haryana , INLD

 

 

related news

 

 

 

Photo Gallery

 

 

Video Gallery

 

 

5 Dariya News RNI Code: PUNMUL/2011/49000
© 2011-2026 | 5 Dariya News | All Rights Reserved
Powered by: CDS PVT LTD