नुपुर शर्मा द्वारा पैगंबर मोहम्मद पर की गईं विवादित टिप्पणियों ने मुस्लिम देशों को भारत के खिलाफ एकजुट कर दिया है। सऊदी अरब, कुवैत, कतर, ईरान, पाकिस्तान, अफगानिस्तान-तालिबान। उन देशों की लिस्ट लंबी होती जा रही है जिन्होंने नाराजगी जाहिर की है, वहीं भारत की कढ़ी निंदा कर रहे हैं। मुस्लिम देशों ने आधिकारिक बयान जारी किए तो बीजेपी पर दबाव बढ़ गया है। इस बयानबाजी से भारत की अंतर्राट्रीय साख पर भी बहुत बुरा असर पड़ा है। इस्लामिक देशों की आपत्ति के बीच अब कुवैत में भारतीय उत्पादों का बहिष्कार शुरू हो गया है। एक-एक करके सभी भारतीय उत्पादों को दुकानों से निकाला जा रहा है।
ये विवाद रुकने का नाम नहीं ले रहा है। कुवैत की एक सुपरमार्केट ने अपने शेल्फ से भारतीय उत्पादों को हटाना शुरू कर दिया है। कुवैत के अल-अरदिया कॉ-ऑपरेटिव सोसाइटी स्टोर के वर्कर्स भारतीय चाय और अन्य उत्पादों को स्टोर से हटा रहे हैं। कुवैत सिटी के बाहर स्थित एक सुपरमार्केट से चावल, मसालें और मिर्चियों को शेल्फ से हटाकर प्लास्टिक शीट्स में कवर कर दिया गया है। इन पर अरबी भाषा में लिखा गया है, हमने भारतीय उत्पादों को हटा दिया है।
सुपरमार्केट चेन के एक अधिकारी ने कहा कि कंपनी भारतीय उत्पादों के व्यापक बहिष्कार पर विचार कर रही है। बीजेपी के दो नेताओं की पैगंबर मोहम्मद पर विवादित टिप्पणी को लेकर अब तक कई देश आपत्ति जता चुके हैं। इनमें ईरान, इराक, कुवैत, कतर, सऊदी अरब, ओमान, यूएई, जॉर्डन, अफगानिस्तान, बहरीन, मालदीव, लीबिया और इंडोनेशिया हैं। बीजेपी ने टिप्पणी करने वाले नेताओं के खिलाफ कार्रवाई भी की है।इस्लाम के सबसे महत्वपूर्ण संस्थानों में से एक अल-अजहर यूनिवर्सिटी ने पैगंबर मोहम्मद पर इन टिप्पणियों को असल आतंकवाद बताया। सऊदी अरब स्थित मुस्लिम वर्ल्ड लीग ने कहा कि इन टिप्पणियों से नफरत को बढ़ावा मिल सकता है। सऊदी अरब ने इसे जघन्य अपराध बताया। इसके साथ ही छह खाड़ी देशों के समूह गल्फ कॉरपोरेशन काउंसिल ने भी बीजेपी नेताओं की इन टिप्पणियों को खारिज करते हुए इसकी निंदा की। वहीं, बहरीन ने इन विवादित टिप्पणियों के लिए बीजेपी नेता को सस्पेंड किए जाने का स्वागत किया।
क्या है मामला-
इन दिनों वाराणसी के ज्ञानवापी मस्जिद मामले को लेकर देशभर में चर्चा छिड़ी हुई है। शुक्रवार 27 मई को भाजपा के प्रवक्ता के तौर पर नुपुर शर्मा एक TV चैनल की डिबेट में पहुंचीं। बहस के दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग हिंदू आस्था का लगातार मजाक उड़ा रहे हैं। अगर यही है तो वह भी दूसरे धर्मों का मजाक उड़ा सकती हैं। नुपुर ने इसके आगे इस्लामी मान्यताओं का जिक्र किया, जिसे कथित फैक्ट चेकर मोहम्मद जुबैर ने अपने ट्विटर अकाउंट से शेयर किया और नुपुर पर पैगंबर मोहम्मद पर विवादित टिप्पणी करने का आरोप लगाया। इसके बाद अब नुपुर को बीजेपी ने पार्टी ने निकाल दिया है।