आम आदमी पार्टी (आप) के पंजाब मामलों के सह प्रभारी राघव चड्ढा ने पायल विधानसभा क्षेत्र में आप प्रत्याशी मनविंदर सिंह ग्यासपुरा के पक्ष में प्रचार किया। चड्ढा ने लोगों से अपील की कि जिन नेताओं ने पंजाब को लूटा है, इस बार उन्हें सबक सिखाने का अच्छा मौका है।सोमवार को पायल में जनसभा को संबोधित करते हुए चड्ढा ने मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी पर हमला बोला और उनकी गरीबी पर सवाल उठाए। चड्ढा ने कहा कि मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी कहते हैं कि वह गरीब आदमी हैं, लेकिन उनके रिश्तेदार भूपिंदर सिंह हनी के घर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की छापेमारी में 10 करोड़ रुपये नकद, 54 करोड़ रुपये की संपत्ति के कागजात, 16 लाख रुपये की रोलेक्स घड़ी और कई लक्जरी कार बरामद हुए। यह सारा पैसा रेत माफिया और ट्रांसफर-पोस्टिंग के थे।
चड्ढा ने दावा किया कि हनी ने ईडी के सामने स्वीकार किया है कि उसने मुख्यमंत्री चन्नी के 111 दिनों के कार्यकाल के दौरान 325 करोड़ रुपये से ज्यादा कमाए है। उसने प्रतिदिन 3 करोड़ रुपये से ज्यादा कमाए। इतने कम दिनों में इतने ज्यादा पैसे तो बादलों ने भी नहीं कमाए होंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री चन्नी कहते हैं कि वह ऑटो चलाते हैं, टेंट लगाते हैं और पंक्चर बनाते हैं। लेकिन किसी भी ऑटो चालक के पास करोड़ों रुपये नहीं होते हैं। किसी टेंट मालिक के पास लग्जरी कार नहीं होती है और किसी पंचर बनाने वाले के पास करोड़ों की संपत्ति नहीं होती है।चड्ढा ने दावा किया, ''हम अच्छे लोग हैं, हम अच्छे काम करेंगे। उन्होंने कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने पर ईमानदारीपूर्वक सभी काम होंगे। एक बार हम पर भरोसा करें और आम आदमी पार्टी के चुनाव चिन्ह 'झाड़ू' का बटन दबाकर आप उम्मीदवार मनविंदर सिंह ग्यासपुरा को जीताएं। इस अवसर पर आप उम्मीदवार मनविंदर सिंह ग्यासपुरा ने राघव चड्ढा, पार्टी के अन्य नेताओं और सभी कार्यकर्ताओं का धन्यवाद किया और कहा कि एक मौका आम आदमी पार्टी को दें। हम आपको निराश नहीं करेंगे।