मंडलायुक्त जम्मू संजीव वर्मा ने आज एक बैठक की अध्यक्षता कर जम्मू प्रांत के विभिन्न हिस्सों में रहने वाले पश्चिम पाकिस्तानी शरणार्थियों के लिए राहत वितरण से जुड़े मुददों पर चर्चा की। उपायुक्त जम्मू रामेश कुमार, उपायुक्त सांबा सुशमा चौहान, उपायुक्त कठुआ रोहित खजूरिया, एसीआर जम्मू निसार अहमद, एसीआर सांबा बसीम रजा खान तथा एसीआर कठुआ जितेन्द्र मिश्रा बैठक में उपस्थित थे। मंडलायुक्त को पश्चिम पाकिस्तान के विस्थापित परिवारों की वर्तमान संख्या के बारे में जानकारी दी गई। उन्होंने सम्बंधित अधिकारियों से उचित लाभार्थियों की पहचान प्रक्रिया में तेजी लाने तथा उन्हें राहत लाभ के लिए दस्तावेजों की आवश्यकता के बारे में जागरूक करने के लिए कहा। विभिन्न मुददों पर विस्तृत चर्चा के उपरांत मंडलायुक्त ने पश्चिम पाकिस्तानी शरणार्थियों के लिए राहत वितरण से सम्बंधित मसौदा योजना को स्वीकृति के लिए अंतिम रूप दिया। इसी बीच बैठक में पाक अधिकृत कश्मीर विस्थापित परिवारों के मध्य पीएमडीपी राहत वितरण में प्रगति की समीक्षा भी की गई। मंडलायुक्त ने सम्बंधित राजस्व अधिकारियों से योग्य व्यक्तियों तक राहत सुनिश्चित करने हेतु पूरा सत्यापन करने के लिए कहा तथा कहा कि इस प्रक्रिया में कोई भी जायज व्यक्ति छूटना नहीं चाहिए।