भारतीय जनता पार्टी प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने मंत्रिमण्डल की बैठक मे कृषि प्रसार अधिकारियों के 75 पद तथा कृषि विभाग में कनिष्ठ सहायकों के 40 पद भरने की मंजूरी देने के महत्वपूर्ण फैसले का भी स्वागत किया है तथा मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया है कि प्रदेश में कृषि क्षेत्र को महत्व देते हुए ऐसा फैसला लिया गया है। श्री सत्ती ने कहा कि प्रदेश में खुलने वाली मेडिकल युनिवर्सिटी को मंजूरी प्रदान करने का निर्णय भी स्वागतयोग्य कदम है। उल्लेखनीय है कि प्रदेश भर के सारे मैडिकल कालेज इस युनिवर्सिटी के अधिकार क्षेत्र में कार्य करेंगे। इसके साथ एम.बी.बी.एस. तथा बी.डी.एस. कर रहे इंर्टन्स का स्टाईफंड 10 हजार से बढ़ाकर 15 हजार रूपये करने के अतिरिक्त नर्सो का डाईट भत्ता 180 से बढ़ाकर 500 रूपये करने के निर्णय का उन्होंने स्वागत किया है।उन्होंने बताया कि मंत्रिमण्डल की बैठक में शिमला में पानी की समस्या पर भी विस्तार से चर्चा की गई तथा कहा कि इसके स्थाई समाधान के लिए केन्द्र के साथ मिलकर कारगर योजना बनाने के लिए ठोस पग उठाए जाएंगे।प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर द्वारा थर्मोकोल की कप-प्लेटों के इस्तेमाल पर पूर्ण प्रतिबन्ध लगाने के निर्णय का जोरदार स्वागत किया है।
उन्होनें कहा कि थर्मोकोल के कप तथा प्लेट प्रयोग करने के बाद उन्हें जलाने से भी जहरीला धुंआ निकलने से पर्यावरण को हो रहे नुकसान को देखते हुए प्रदेश सरकार ने यह ऐतिहासिक फैसला लिया है जिसका प्रदेश भर के लोगों ने भी स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा सार्वजनिक कार्यक्रमों में पानी की प्लास्टिक की बोतलों पर भी रोक लगाने का ऐलान भी स्वागतयोग्य कदम है जिसका आम जनमानस में भी एक अच्छा संदेश पहुचा है।सती ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज एक प्रमुख मुद्दा बन गया है जिसको बचाने के लिए विश्व स्तर पर एक सार्थक पहल हो रही है और इस विषय में सरकार के साथ-साथ लोगों को भी जागरूक होने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि प्रदूषण और ग्लोबल वार्मिंग से युक्त वातावरण में सकारात्मक बदलाव से ही इस गम्भीर समस्या से निपटा जा सकता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार पर्यावरण के प्रति पूरी तरह सजग है और इस दिशा में सार्थक प्रयास किए गए हैं तथा पूर्व मुख्यमंत्री श्री प्रेम कुमार धूमल ने भी प्लास्टिक पोलीथीन बैग पर प्रतिबन्ध लगाया था । उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार हमेशा ही जनहित को सर्वोपरि मानते हुए कड़वे फैसले लेने में विश्वास रखती है जिनके वास्तविक रूप में दूरगामी परिणाम सामने आते हैं।