मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज चंडीगढ़ प्रेस क्लब द्वारा आयोजित मीट द प्रेस कार्यक्रम में भाग लेते हुए कहा कि प्रदेश सरकार का कार्यभार संभालने के बाद उनकी सरकार ने 100 दिनों का लक्ष्य निर्धारित किया। उन्होंने कहा कि निर्धारित अधिकांश लक्ष्यों को पूरा कर लिया है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार राजनीतिक द्वेष व प्रतिशोध पर विश्वास नहीं रखती है, परन्तु किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार को सहन नहीं करेगी। श्री जय राम ठाकुर ने कहा कि पहली बार बजट में 30 नई योजनाएं प्रस्तावित की गई हैं। उन्होंने कहा कि मंत्रिमण्डल की पहली बैठक में बिना किसी आय सीमा के सामजिक सुरक्षा पेंशन की आयु सीमा को 80 वर्ष से घटाकर 70 वर्ष किया गया है। उन्होंने कहा कि इस निर्णय से प्रदेश के हज़ारों वृद्धजन लाभान्वित हुए हैं। उन्होंने कहा कि गुड़िया व होशियार सिंह प्रकरण से प्रदेश बदनाम हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य में महिलाओं को सुरक्षित व भयरहित वातावरण प्रदान करने के लिए वचनबद्ध है। इसी उद्देश्य से गुड़िया तथा शक्ति हेल्पलाईन बटन आरम्भ किया गया है ताकि संकट की घड़ी में उन्हें तत्काल सहायता उपलब्ध करवाई जा सके। उन्होंने कहा कि अवैध खनन, ड्रग माफिया इत्यादि अवैध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए ‘होशियार’ हैल्पलाईन आरम्भ की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा प्रदेश में रेल नेटवर्क के विस्तार का मामला केन्द्र सरकार से उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का मुख्य लक्ष्य हिमाचल प्रदेश को देश का सर्वाधिक खुशहाल व विकसित राज्य बनाने का है।श्री जय राम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार पड़ौसी राज्यों पंजाब व हरियाणा के साथ परस्पर हितों से सम्बन्धित मामलों को उठाएगी। उन्होंने कहा कि केन्द्र शासित चंडीगढ़ में प्रदेश के वैधानिक हिस्से को प्राप्त करने के भी प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि शिमला शहर में अधिक से अधिक पार्किंग स्थल विकसित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त, शिमला शहर में पेयजल आपूर्ति को सुदृढ़ करने व पेयजल समस्या का समाधान करने के भी प्रयास किए जाएंगे।
जय राम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार शिमला शहर के लिए हवाई नेटवर्क को सुनिश्चित बनाएगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने देश के लिए उडान योजना का आरम्भ शिमला से किया है। उन्होंने कहा कि शिमला हवाई अड्डे के विस्तार का मामला केन्द्र सरकार से उठाया गया है। इसी प्रकार, मनाली तथा कांगड़ा हवाई अड्डों को भी सुदृढ़ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि परवाणू-शिमला फोरलेन के कार्य में तेजी लाई जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह लगातार पांच बार चुनाव जीते हैं और प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष व मंत्री के रूप में कार्य कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार को केन्द्रीय नेतृत्व का पूर्ण सहयोग है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश सिक्किम के बाद खुले में शौचमुक्त घेषित किया जाने वाला देश का दूसरा राज्य है।मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी कोई भी राजनीतिक पृष्ठभूमि नहीं है। वह एक साधारण परिवार से सम्बन्ध रखते हैं और गरीबों की जरूरतों व आवश्यकताओं को भलीभांति समझते हैं। उन्होंने कहा कि गरीबों व पिछड़े वर्गों का उत्थान प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने स्कूली बच्चों को सुरक्षित परिवहन सुविधा सुनिश्चित बनाने के लिए दिशा-निर्देशिका तैयार की गई है। उन्होंने कहा कि प्रथम चरण में मुख्य सड़कों के ब्लैक स्पॉट की मुरम्मत की जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने प्रदेश में पत्रकारों के उपचार के लिए 2.50 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है। चंडीगढ़ प्रेस क्लब के अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।प्रेस क्लब चंडीगढ़ के महासचिव ने मुख्यमंत्री का मीट द प्रेस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए धन्यवाद किया।