नार्वे सरकार प्रदेश में निवेश की इच्छुक
Web Admin
5 दरिया न्यूज
शिमला , 19 Jan 2014
Last updated on: Jan 19, 2014, 00:00 IST
नार्वे सरकार ने हिमाचल प्रदेश में जल विद्युत उत्पादन की अपार क्षमता के मद्देनजर प्रदेश में जल विद्युत क्षेत्र में निवेश की इच्छा व्यक्त की है। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को नार्वे के राजदूत श्री ईविंद एस होमे ने आज नई दिल्ली में एक शिष्टाचार भेंट के दौरान उनके देश की प्रदेश में निवेश की इच्छा से अवगत करवाया। उन्होंने कहा कि नार्वें तथा भारत के पहले ही आपसी हितों व मूल्यों पर आधारित द्विपक्षीय सम्बन्ध रहे हैं। उन्होंने बताया कि नार्वे का जल विद्युत परियोजनाओं के कार्यान्वयन तकनीक में व्यापक अनुभव है। नार्वे की एस.एन. कम्पनी वर्तमान में प्रदेश के कुल्लू जिला में ऐलाईन दुहांगन व मल्याणा जल विद्युत परियोजनाओं पर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि कम्पनी ने भी हर संभव सहयोग प्रदान करने के लिए प्रदेश सरकार की सराहना की है।श्री वीरभद्र सिंह ने श्री ईविंद को आश्वस्त किया कि प्रदेश में जल विद्युत व पर्यटन क्षेत्र में निवेश के लिए नार्वे को हर संभव सहयोग दिया जाएगा ताकि दोनों देशां के बीच द्विपक्षीय सम्बन्धों को और अधिक मजबूत किया जा सके। उन्होंने कहा कि प्रदेश में निवेश की अपार संभावनाएं हैं तथा प्रदेश सरकार ने निवेशकों की सुविधा के लिए इस दिशा में अनेक पग उठाए हैं। परियोजनाओं को समयबद्ध स्वीकृित प्रदान करने के लिए विशेष मैकेनिजम तैयार किया गया है और निवेशकों को अनेक प्रोत्साहन दिए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त निवेशकों को सौहार्दपूर्ण औद्योगिक सम्बन्ध, शांतिपूर्ण वातावरण और पर्याप्त मात्रा में सस्ती दरों पर विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश जैसे पहाड़ी राज्यों को अनेक कठिनाईयां एवं चुनौतियां का सामना करना पड़ता है। इसके बावजूद राज्य सरकार, हिमाचल को विद्युत राज्य व पसंदीदा औद्योगिक हब बनाने के प्रति वचनबद्ध है। प्रदेश के दूरदराज क्षेत्रों में औद्योगिक अधोसंरचना विकसित करने के प्रयास किए जा रहे हैं ताकि प्रदेश में पढ़े-लिखे युवाओं के लिए आर्थिक गतिविधियां तथा रोजगार की संभावनाएं सृजित की जा सकें। मुख्यमंत्री के सलाहकार श्री टी.जी. नेगी, प्रधान निजी सचिव श्री सुभाष आहलुवालिया, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री वी.सी. फारका तथा दिल्ली स्थित प्रधान आवासीय आयुक्त श्री पी.सी. धीमान भी इस अवसर पर उपस्थित थे।