खाद्य, नागरिक आपूर्ति,उपभोक्ता तथा जनजातीय मामलों के मंत्री चौ जुल्फकार अली ने कहा कि सरकार राज्य के विभिन्न क्षेत्रों के मध्य सामाजिक-आर्थिक विकास में असमानता को समाप्त करने के उद्देष्य के साथ कार्य कर रही है।मंत्री ने यह बात जिले के विभिन्न हिस्सों से आये 5000 से भी अधिक लोगों की एक जनसभा को सम्बोधित करते हुए कही।संतुलित क्षेत्रीय विकास के महत्व पर बल देते हुए मंत्री ने कहा कि राज्य की एकता सुनिष्चित करने के लिए यह सरकार की विकास नीति का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती के नेतृत्व वाली सरकार ने सभी क्षेत्रों के उचित विकास हेतु संसाधनों का समान आवंटन सुनिश्चित किया है।इसके अतिरिक्त मंत्री ने यह भी बताया कि राज्य सरकार जम्मू-राजोरी-पुंछ रेलवे परियोजनाओं को स्वीकृति के लिए केन्द्र सरकार के समक्ष रख रही है। उन्होंने कहा कि सड़कों, पुलों, सूंरगों, बिजली तथा पानी आपूर्ति व्यवस्था, पर्यटन तथा सिंचाई जैसी आधुनिक ढांचे को सुनियोजित तरीके से विकसित किया जा रहा है।