राज्य सरकार ने लोगों को गुणात्मक स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने को हमेशा ही सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदान की है और राज्य में मरीजों के बेहतर उपचार के लिए अस्पतालों में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं तथा आवश्कय उपकरण उपलब्ध करवाए गए हैं। मुख्यमंत्री श्री वीरभद्र सिंह ने यह बात आज शिमला जिला के रामपुर उपमण्डल के राज माता शांति मैमोरियल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला तकलेच में एक जनसभा को सम्बोधित करते हुए कही।मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश जीवन रक्षक स्वास्थ्य योजना की शुरूआत करने वाला दक्षिण पूर्वी एशिया का पहला राज्य है। इसमें विशेषकर रूबैला मिजलज़ तथा 18 वर्ष की आयु से कम के रोगियों के लिए निःशुल्क इंशुलिन की सुविधा शामिल है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य अधोसंरचना सुदृढ़ करने के लिए राज्य में गत साढ़े चार वर्षों के दौरान 230 स्वास्थ्य संस्थान खोले गए हैं।श्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि ‘यह बात मेरी समझ से परे है कि राज्य सरकार द्वारा केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय को वांछित भूमि उपलब्ध करवाने के बावजूद केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री उनके गृह विधानसभा क्षेत्र बिलासपुर में एम्स का कार्य आरम्भ करने में कोई रूचि नहीं दिखा रहे हैं’।उन्होंने कहा कि एम्स के खुलने से राज्य को लाभ मिलेगा, लेकिन संस्थान का निर्माण केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री के ढुल-मुल रवैये का शिकार बन गया है और वह इस संबंध में राज्य सरकार पर असहयोग का आरोप लगा रहे हैं।
वीरभद्र सिंह ने कहा कि राज्य सरकार ने चम्बा, नाहन तथा मण्डी जिले के नेरचौक स्थित ईएसआईसी तीन मेडिकल कालेजों को क्रियाशील बनाया है, जबकि मेडिकल कालेज हमीरपुर का मामला वन स्वीकृति के कारण लम्बित है।मुख्यमंत्री ने रामपुर विधानसभा क्षेत्र में आज 49.83 करोड़ रुपये की विकासात्मक परियोजनाएं लोकार्पित कीं, जिनमें से कुछ परियोजनाओं का लोकार्पण ऑन लाईन भी किया गया। उन्होंने 20.66 करोड़ रुपये की लागत से दियोठी, कुहाल, डान्सा व लालसा क्षेत्रों के लिए कांडी-काशापाठ उठाऊ पेयजल आपूर्ति योजना का लोकार्पण, तकलेच में 2.40 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र तथा 1.22 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित पुलिस पोस्ट, 1.80 करोड़ रुपये की लागत से काशापाठ क्षेत्र गांवों के लिए निर्मित बहाव पेयजल आपूर्ति योजना, 4.70 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित थाली-शोली सड़क, मुनीष दोफड़ा, कांडी तथा काशापाठ में आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केन्द्र तथा ननखड़ी में 94 लाख रुपये की लागत से निर्मित खनोग-खाडसु सड़क व 1.17 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित खण्ड विकास अधिकारी कार्यालय का उद्घाटन किया।मुख्यमंत्री ने तकलेच में 12.08 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाली मल निकासी योजना तथा 2.36 करोड़ रुपये की लागत के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला शोली के भवन की आधारशिलाएं रखी।उन्होंने 2.80 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भडवाली के लोकार्पण के शोली में वन विश्राम गृह का भी उद्घाटन किया।श्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि तकलेच में सिवरेज प्रणाली की नितांत आवश्यकता है, क्योंकि यह तेजी से मिनी शहर के रूप में विकसित हो रहा है। हमें अपने पर्यावरण को स्वच्छ रखने की आवश्यकता है और इसी उद्देश्य से आज 12.08 करोड़ रुपये की सिवरेज प्रणाली की आधारशिला रखी गई।राज्य में विकसित हो रहे सभी छोटे शहरों के लिए मल निकासी व्यवस्था की आवश्यकता पर बल देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस प्रणाली को विकसित करने के लिए प्राथमिकता प्रदान की जाएगी। मल निकासी प्रणाली के लम्बे समय तक चलने तथा बीमारियों से बचाव के लिए समाज में स्वच्छता के मानदण्ड सफाई तथा जन स्वास्थ्य से सम्बद्ध हैं।
उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने छोटी उम्र में ही यह जान लिया था कि भारत में सफाई तथा स्वच्छता की खराब हालत और विशेषकर तत्कालीन ग्रामीण भारत में पर्याप्त शौचालयों की कमी पर ध्यान देने की उतनी ही आवश्यकता थी, जितनी स्वराज प्राप्त करने में दिया जा रहा था।मुख्यमंत्री ने तकलेच व शिमला के बीच बस सेवा आरम्भ करने की घोषणा की और आश्वासन दिया कि तकलेज में गैस एजेंसी खोलने का मामला पैट्रोलियम मंत्रालय तथा संबंधित विभाग के साथ उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि गैस एजेंसी का संचालन नागरिक आपूर्ति के माध्यम से किया जाएगा।उन्होंने सांस्कृतिक गतिविधियों के प्रोत्साहन के लिए राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला तकलेज को 15 हजार रुपये की राशि की घोषणा की।मुख्यमंत्री ने इसके पश्चात थाली चकटी में लोगों की समस्याएं सुनीं तथा शोली में जनसभा को सम्बोधित किया।मुख्य संसदीय सचिव श्री नन्द लाल ने लोकतंत्र की अवधारणा को दबाने के लिए भाजपा की आलोचना करते हुए कहा कि उन्होंने विधायकों की पर्याप्त संख्या के बिना मणिपुर तथा गोवा में सरकारें बनाकर लोकतंत्र की भावना से खिलवाड़ किया। भाजपा ने लोकतंत्र का मजाक बनाकर रख दिया है।हि.प्र. राज्य औद्योगिक विकास निगम के उपाध्यक्ष श्री अतुल शर्मा, खण्ड कांग्रेस समिति के अध्यक्ष श्री सतीश वर्मा, महिला खण्ड कांग्रेस समिति की अध्यक्ष सुश्री सत्या भूषण, तकलेच ग्राम पंचायत की प्रधान सुश्री पवना सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी इस अवसर पर उपस्थित थे।