महाराष्ट्र में पुलिस कर्मियों पर बढ़ते हमलों से चिंतित शिव सेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने बुधवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की और समस्या का समाधान करने का उनसे आग्रह किया। फडणवीस ने अपने सरकारी निवास पर ठाकरे और पुलिसकर्मियों की पत्नियों के एक प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की। प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और शिव सेना की गठबंधन सरकार में गृह विभाग फडणवीस के पास है।पुलिसकर्मियों की पत्नियों के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व ठाकरे ने किया। मुख्यमंत्री के साथ मुलाकात के बाद ठाकरे ने कहा, "इस गंभीर मुद्दे पर मुख्यमंत्री का रुख सकारात्मक था और उन्होंने हमारी सभी मांगों पर ध्यान देने का वादा किया।"मुख्यमंत्री पर अन्य कामों का अत्यधिक बोझ होने का उल्लेख करते हुए उन्होंने गृह विभाग के लिए अलग से एक पूर्णकालिक मंत्री की अपनी मांग दोहराई।उद्धव ने कहा, "अगर पुलिसकर्मी खुद सुरक्षित महसूस नहीं करते हैं, तो वे लोगों को सुरक्षा देने की जिम्मेदारी कैसे निभाएंगे? हमले रुकने चाहिए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।"शिव सेना प्रमुख ने कहा कि उन्होंने आवास की समस्या समेत पुलिस से संबंधित सारे मुद्दे उठाए।शुरुआती तौर पर, राज्य भर में पुलिसकर्मियों पर हमले रोकने के लिए फडणवीस एक समिति के गठन पर सहमत हुए, जिसमें सरकारी अधिकारी और पुलिस के प्रतिनिधि शामिल होंगे। हमलों में कम से कम एक पुलिसकर्मी की मौत हो चुकी है।फडणवीस ने पुलिसकर्मियों के लिए राज्य सरकार द्वारा शुरू की गई विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं पर प्रकाश डाला, जिनमें आवास के लिए 2000 रुपये और शीघ्र शुरू होने वाली स्वास्थ्य योजनाएं शामिल हैं।
कांग्रेस समेत विपक्षी पार्टियों ने भी पुलिसकर्मियों पर बढ़ते हमले पर चिंता जताई है।हाल के सप्ताहों में पुलिसकर्मियों पर अनेक हमले हुए हैं, जिससे उनके बीच भारी रोष है।गत 23 अगस्त को मुंबई यातायात पुलिस के जवान विलास शिंदे (51) पर दो युवकों ने निर्ममतापूर्वक तब हमला किया, जब उन्हें बिना हेल्मेट के वाहन चलाने के लिए रोका गया। इस चोट से 31 अगस्त को उसकी मौत हो गई।चकित करने वाली एक घटना छह सितम्बर को उजागर हुई। गणेश प्रतिमा के प्रथम चरण के विसर्जन के दौरान कल्याण में मंगलवार को एक पुलिसकर्मी नितिन डागले को पानी में डूबाकर मारने की कोशिश की गई थी। कुछ लोगों की मदद से वह भागने में सफल हुआ था।इस सप्ताह के शुरू में नासिक में ड्यूटी पर तैनात एक पुलिसकर्मी ने जब अतिरिक्त सवारी बैठाकर ले जा रहे एक ऑटो रिक्शा को रोकने की कोशिश की तो उसने उसे कुचलने की कोशिश की।जालना में स्थानीय भाजपा विधायक नारायण कूचे द्वारा कथित रूप से प्रताड़ित और उत्पीड़ित किए जाने के बाद एक पुलिसकर्मी विद्यानंत काले ने परिवार सहित आत्महत्या करने की धमकी दी है।इस तरह की और भी कई घटनाएं हाल के दिनों में हुई हैं, जिससे पुलिसकर्मियों में भारी रोष है।