जम्मू एवं कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व में राज्य के विपक्षी विधायकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने रविवार को कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की और कश्मीर घाटी में जारी अशांति और तनाव की स्थिति को नियंत्रित करने के उपायों पर चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल के एक सदस्य ने राहुल गांधी से मुलाकात के बाद संवाददाताओं से कहा कि कश्मीर की समस्या पर पूरे राष्ट्र को ध्यान देना चाहिए।उन्होंने कहा, "स्थिति गंभीर है, पूरे देश को जम्मू एवं कश्मीर के बारे में सोचना चाहिए।"प्रतिनिधिमंडल के सदस्य ने साथ ही कहा कि राष्ट्रीय स्तर की विपक्षी पार्टियों को घाटी में जारी अशांति की स्थिति को खत्म करने के लिए मिलकर उपाय ढूंढ़ना चाहिए।प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी से मुलाकात की थी।प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति से कहा था कि कश्मीर राजनीतिक समस्या से जूझ रहा है, जिससे प्रशासनिक तरीके से नहीं निपटा जा सकता।