कांग्रेस ने सोमवार को कहा कि वह वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) विधेयक का केवल तभी समर्थन करेगी जब सरकार इससे जुड़े उसके प्रस्तावों को स्वीकार करेगी। कांग्रेस नेता और राज्यसभा में प्रतिपक्ष के उपनेता आनंद शर्मा ने संसद परिसर में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, "हम कहते रहे हैं कि हम लोग इसका समर्थन करेंगे, लेकिन सरकार को इससे जुड़ी हमारी चिंताओं पर ध्यान देना है।" उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने ही इस विधेयक को तैयार किया है और कभी भी इसके खिलाफ नहीं रही है, लेकिन राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार ने इसके मसौदे में जो बदलाव किया है उसने स्थिति बदल दी है।
पार्टी अब चाहती है कि राज्यसभा में विधेयक को पेश किए जाने से पहले उसकी चिंताओं का समाधान हो।उन्होंने कहा कि संसद का मानसून सत्र शुरू हो चुका है और इस दौरान देश जिन महत्वपूर्ण मुद्दों का सामना कर रहा है, पार्टी उन सभी को उठाएगी। शर्मा ने कहा कि चाहे जम्मू एवं कश्मीर के हालात का मुद्दा हो, महंगाई हो या देश के संघीय ढांचे पर हमला हो, कांग्रस इन सब पर चर्चा चाहती है। उन्होंने कहा, "सभी महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा के लिए नोटिस दिया जा चुका है।"