स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री जे पी नड्डा ने राजस्थान राज्य सरकार की सहायता करने के लिए पांच सदस्यों का एक विशेषज्ञ चिकित्सक दल भेजने का निर्देश दिया है। इस दल को राजस्थान में जमदोली स्थित राज्य सरकार द्वारा चलाए जा रहे देखभाल गृह में 12 दिव्यांग व्यक्तियों की मृत्यु का कारण बने जल और भोजन के दूषित होने के कारणों की जांच करने के लिए भेजा जा रहा है। पांच सदस्यीय दल में एक वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ (पीडीअट्रिशन), महामारी विशेषज्ञ (एपडिमिअलाजिस्ट) और माइक्रोबीआलजिस्ट शामिल हैं और यह दल आज ही जयपुर पहुंच रहा है। यह दल उन कारणों की जांच करेगा जिसके कारण यह वारदात हुई।
इसके अलावा यह भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए सार्वजनिक स्वास्थ्य उपायों के बारे में भी सुझाव देगा। श्री जे पी नड्डा ने कहा कि उन्होंने राज्य के स्वास्थ्य मंत्री से बातचित की है और उऩ्होने जानकारी दी है कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने उन्हें सब प्रकार की सहायता देने का आश्वासन दिया है। इस दुखद घटना के बारे में एक विस्तृत रिपोर्ट जल्दी ही मिलने की उम्मीद है।