पंजाब के उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने आज देश के गृह मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात करके यह मांग की कि बरगाड़ी में श्री गुरू ग्रंथ साहिब जी के पावन स्वरूप की हुई बेअदबी की घटना की जांच कर रही सी बी आई को कहा जाये कि इस हृदय विदारक घटना की जांच को पहल के आधार पर तेज़ी से अंजाम दिया जाये ताकि दोषियों को कानून के अनुसार कठोर से कठोर दंड दिया जा सके। स. सुखबीर सिंह बादल, जोकि पंजाब के गृह मंत्री भी हैं, ने श्री राजनाथ सिंह से यह भी कहा कि पाकिस्तान के साथ लगती पंजाब की सीमा पर तैनात सुरक्षा बलों की गिनती बढ़ाने के साथ-साथ उनको आधुनिक साजो-सामान के साथ लैस भी किया जाये ताकि सीमा की सुरक्षा और भी मुस्तैदी के साथ की जा सके। उन्होंने कहा कि सीमा पर तैनात सीमा सुरक्षा बल एवं और सुरक्षा एजेंसियां अपना दायित्व बहुत ही कुशलता के साथ निभा रही हैं किंतु पाकिस्तान की ओर से प्रशिक्षण पाये आंतकवादी हमारे देश में घुसपैठ करके दीनानगर और पठानकोट जैसी घटनाओं को अंजाम दे जाते हैं। इसके लिए सीमाओं पर तैनात सुरक्षा बलों की संख्या और बढ़ाये जाने की आवश्यकता है और इसके साथ ही इन सुरक्षा बलों को अत्याधुनिक हथियार, संचार साधन और बाकी साजो समान के साथ लैस करने की जरूरत है ताकि वो दहशतगर्दो को सीमा के करीब ना फटकने दें। उपमुख्यमंत्री ने बताया कि पंजाब पुलिस ने हमेशा ही सीमा पार आतंकवादियों से बहादुरी और पेशेवर ढंग से निपटाया है। उन्होंने कहा कि दीनानगर के हमले को पंजाब पुलिस के बहादुर सिपाहियों तथा अधिकारियों ने बड़ी बहादुरी से पछाड़ा था। इसी प्रकार ही पठानकोट के हमले से पूर्व पंजाब पुलिस द्वारा दी गई जानकारी स्वरूप ही राष्ट्रीय सुरक्षा गार्डस, सेना तथा हवाई सेना की तैनाती हो सकी थी। उन्होंने कहा कि इन आगामी प्रबंधों के कारण ही आतंकवादी लड़ाकू जहाजों, तकनीकी साजो-सामान और अह्म ठिकानों का नुकसान नहीं कर सके।
सुखबीर सिंह बादल और श्री राजनाथ सिंह के बीच हुई मुलाकात के विविरण देते हुए पंजाब के मु यमंत्री के मीडिया एवं राष्ट्रीय मामलों के सलाहकार श्री हरचरन बैंस ने बताया कि उप-मु यमंत्री ने केन्द्रीय गृह मंत्री को याद दिलाया कि पंजाब सरकार गत् समय में कई बार केन्द्र सरकार को कह चुकी है कि केन्द्र एवं राज्य सरकारों के आंतरिक सुरक्षा प्रबंधों तथा क्षमता पर पुन: विचार कर लेना चाहिए।सुखबीर सिंह बादल ने स्वयं सीमावर्ती सुरक्षा बलों की हथियारों, संचार साधनों तथा अन्य तकनीकी साजो-सामान संबंधी कमजोरियों और कमियों संबंधी केन्द्रीय गृह मंत्री को विस्तार में अवगत करवाया। देश के गत् प्रधानमंत्री डा.मनमोहन सिंह की अध्यक्षता में हुई आंतरिक सुरक्षा संबंधी एक खसूसी बैठक में स.सुखबीर सिंह बादल ने सुझाव दिया था कि पुलिस और अर्ध सैनिक बलों को उच्च प्रशिक्षण देने और अतिआधुनिक साजो-सामान से लैस करने के लिए केन्द्रीय बजट कई गुणा बढ़ाने की आवश्यकता है। उन्होंने आज की बैठक में भी यह मांग पुन: दोहराते हुए कहा कि पुलिस के आधुनिकीकरण की अहमियत को बहुत घटा कर देखा जाता है और गत् कई केन्द्रगीय सरकारों द्वारा तो नज़रअंदाज ही किया जाता रहा है। स.बादल ने श्री राजनाथ सिंह को बताया कि हमारे देश को आज आतंकवाद दुश्मनों से मुकाबला करना पड़ रहा है जो हमेशा ही बहुत ही आधुनिक एवं जानलेवा हथियारों के साथ-साथ उच्च स्तरीय संचार साधनों से लैस होते हैं। केन्द्रीय गृह मंत्री के साथ हुई इस मुलाकात के समय स. सुखबीर सिंह बादल के साथ राज्य के शिक्षा मंत्री दलजीत सिंह चीमा और अकाली दल के सांसद भी उपस्थित थेे।