केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने सोमवार तड़के पूर्वोत्तरी राज्य मणिपुर में आए भूकंप को देखते हुए केंद्र सरकार की ओर से पूरी मदद का आश्वासन दिया। राजनाथ ने यहां संवादाताओं को बताया, "प्रधानमंत्री ने मुझसे सभी पूर्वोत्तरी राज्यों के मुख्यमंत्रियों से तालमेल बिठाने के लिए कहा है। मैंने लगभग उन सभी से बात की है। मैं हालांकि मणिपुर के मुख्यमंत्री ओकराम इबोबी सिंह से संपर्क नहीं कर पाया। मणिपुर के मुख्य सचिव ने मुझे बताया कि उनके राज्य में ज्यादा नुकसान हुआ है। केंद्र सरकार संकट से निपटने के लिए सभी पूर्वोत्तरी राज्यों को सहायता उपलब्ध कराएगी।"
राजनाथ रविवार से असम के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे हुए हैं।
उन्होंने कहा, "मैंने असम के मुख्यमंत्री तरुण गोगोई जी से भी बात की और हालात का जानकारी ली।"सोमवार तड़के करीब 4.35 बजे पूर्वोत्तर भारत और पड़ोसी देशों में भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 6.7 मापी गई।मणिपुर की सरकार के अधिकारियों ने कहा कि भूकंप में चार लोग मारे गए हैं, जबकि करीब 50 लोग घायल हुए हैं।केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ रविवार को असम के सिलचर शहर पहुंचे और अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर स्तेअमेरघाट सीमा आउटपोस्ट पर भारत-बांग्लादेश सीमा का दौरा किया एवं वहां एक जन रैली को संबोधित किया।उन्हें सोमवार को भारत-बांग्लादेश सीमा पर धुबरी सेक्टर में सोनाहट सीमा आउटपोस्ट का दौरा करना है और शाम में नई दिल्ली लौटने से पूर्व धुबरी में एक जन रैली को संबोधित करने की भी संभावना है।