पाकिस्तान में एक दशक से भी अधिक समय तक रह चुकी मूक-बधिर गीता ने सोमवार को घर वापसी की। घर वापसी के बाद आज मंगलवार को गीता ने दिल्ली मेट्रो में सफर किया और पटेल चौक पर स्थित मेट्रो संग्रहालय का भी दौरा किया। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से मिलने के बाद गीता सिविल लाइन्स स्टेशन से मेट्रो में सवार हुई और पटेल चौक स्टेशन तक का सफर तय किया।दिल्ली मेट्रो प्रशासन ने कहा कि गीता ने पटेल चौक मेट्रो स्टेशन पर मेट्रो संग्रहालय का दौरा किया और एक दुभाषिए की मदद से अपनी बात रखी।
गीता के साथ ईदी फाउंडेशन के सदस्य थे, जिन्होंने पाकिस्तान में एक दशक से भी अधिक समय तक उसकी देखरेख की।गीता (23) साल 2003 में गलती से सीमा पार कर पाकिस्तान पहुंच गई थी। तब उसकी उम्र 11 साल के आसपास थी। 2003 में लाहौर में पाकिस्तान रेंजर्स ने गीता को देखा था और उन्होंने उसे ईदी फाउंडेशन को सौंप दिया था, जिसके संचालक बिलकिस ईदी ने उसका नाम गीता रखा।