दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी के उस बयान का समर्थन किया है, जिसमें उन्होंने देश में फिर से आपातकाल जैसे हालात से इंकार नहीं किया है। केजरीवाल ने अपने एक ट्वीट में कहा, "आडवाणीजी का यह कहना सही है कि आपातकाल जैसी स्थिति से इंकार नहीं किया जा सकता। क्या सबसे पहले वे दिल्ली में इसका प्रयोग करेंगे?"आडवाणी ने आपातकाल के 40 साल पूरे होने अवसर पर अंग्रेजी समाचार-पत्र 'इंडियन एक्सप्रेस' को दिए साक्षात्कार में कहा है कि देश में अब भी ऐसी ताकतें मौजूद हैं, जो लोकतंत्र को कुचल सकती हैं और ऐसी ताकतें अब पहले से कहीं अधिक ताकतवर हैं।यह साक्षात्कार समाचार-पत्र ने गुरुवार को प्रकाशित किया है, जिसमें भाजपा के वरिष्ठ नेता ने यह भी कहा कि यदि वर्ष 2015 की ही बात करें, तो भी आपातकाल जैसी स्थिति को रोकने के उपाय मौजूद नहीं हैं। बकौल आडवाणी, वह भरोसे के साथ नहीं कह सकते कि भारत में फिर आपातकाल लागू नहीं किया जा सकता।