जम्मू एवं कश्मीर के राजौरी जिले में गुरुवार को एक सड़क दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई जबकि दो अन्य घायल हो गए। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, "राजौरी बुद्धल सड़क मार्ग पर एक मारुती कार 300 फीट गहरी खाई में जा गिरी। इस दुर्घटना के कारण गाड़ी में सवार दो लोगों की मौत हो गई जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।"उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान मकबूल हुसैन और मंजूर हुसैन के रूप में हुई है। मकबूल पनहाड का रहने वाला था और मंजूर कोटधारा का। यह दोनों क्षेत्र राजौरी पुलिस थाने के अंतर्गत आते हैं। जबकि इस हादसे में मंजूर की पत्नी शगुफ्ता बेगम और तीन वर्षीय बेटी सादिया गंभीर रूप से घायल हुए हैं।उन्होंने बताया, "घायलों को विशेष उपचार के लिए जम्मू अस्पताल में भर्ती कराया गया है।"