अपने संसदीय क्षेत्र के दो दिनी दौरे के सिलसिले में यहां शुक्रवार को पहुंचे केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि फसल नुकसान से किसान आत्महत्या कर रहे हैं। मगर राज्य सरकार इसे छिपाने की कोशिश कर रही है। सरकार को आत्महत्या की घटनाएं छिपाने के बजाय किसानों को जल्द से जल्द मुआवजा देना चाहिए। सांसद राजनाथ ने अपने आवास पर भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ मुलाकात की। इसके बाद उन्होंने गोमतीनगर के विराजखंड में सहारा हॉस्पीटल स्थित ओरिएंटल बैंक ऑफ कॉमर्स की शाखा का उद्घाटन किया। केंद्रीय मंत्री ने कहा, "प्रधानमंत्री का निर्देश था कि फसल नुकसान का जायजा लेने अलग-अलग राज्यों में दूसरे राज्यों के मंत्री जाएंगे। इसलिए उप्र में महाराष्ट्र के मंत्री आए थे। फसल नुकसान का आकलन करने मैं स्वयं महाराष्ट्र गया था।"
उन्होंने कहा, "ओलावृष्टि और बेमौसम बारिश की वजह से किसानों का भारी नुकसान हुआ है। इसलिए मैं राज्य सरकार से अपील करता हूं कि वह संकट की घड़ी में किसानों की फौरी मदद दे, ताकि कोई किसान आत्महत्या जैसा कदम न उठाए।"राजनाथ ने कहा कि फसल नुकसान पर पहले जितना मुआवजा मिला था, उसे बढ़ाकर डेढ़गुना कर दिया गया है। नुकसान के आकलन के लिए केंद्रीय टीम प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर रही है। इसकी रिपोर्ट मिलते ही केंद्र सरकार की तरफ से सहायता राशि दे दी जाएगी। राजनाथ ने कहा कि पहली बार ऐसा हुआ है कि राज्य सरकार से मिली रिपोर्ट पर केंद्र सरकार ने 32 फीसदी राजस्व को बढ़ाकर 42 फीसदी कर दिया है। प्रदेश सरकार अब बजट नहीं होने का बहाना नहीं कर सकती। इसलिए उसे विकास कार्यो में खुले दिल से खर्च करना चाहिए।