तिहाड़ के महानिदेशक (डीजी) आलोक वर्मा ने बुधवार को केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की। डीजी ने यह मुलाकात 16 दिसंबर, 2012 को राष्ट्रीय राजधानी में घटी सामूहिक दुष्कर्म की घटना के एक दोषी का बीबीसी द्वारा लिए गए साक्षात्कार के संदर्भ में की है। केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधिकारी ने हालांकि मुलाकात को सामान्य मामला बताया।अधिकारी ने आईएएनएस से कहा, "उन्हें तलब नहीं किया गया था, जैसी कि खबर है। वह आए और मंत्री तथा अन्य अधिकारियों से मिले।"साक्षात्कार में पीड़ित के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म के दोषी द्वारा आक्रामक और अपमानजनक टिप्पणी किए जाने को लेकर विवाद पैदा हो गया है।यह साक्षात्कार बीबीसी की एक डॉक्यूमेंटरी के लिए लिया गया था और इस सप्ताह उसका प्रसारण होना था।
लेकिन विवाद के बाद सरकार ने मीडिया को यह साक्षात्कार प्रसारित करने से रोक दिया है।