सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने पिछले महीने जम्मू एवं कश्मीर से लगी अंतर्राष्ट्रीय सीमा की तरफ से 11 बार हुई घुसपैठ की कोशिशें नाकाम कर दी। यह जानकारी बीएसएफ के एक वरिष्ठ अधिकारी ने दी। अधिकारी ने जम्मू में आईएएनएस को बताया, "पिछले 15 दिनों में आतंकवादियों ने आठ बार घुसपैठ की कोशिश की।"उन्होंने कहा, "अधिकांश आतंकवादी समूहों में लश्कर-ए-तैयबा(एलईटी) से जुड़े छह से आठ आतंकी शामिल थे, जिनके पास भारी हथियार थे।"अधिकारी के अनुसार, अर्निया और आर.एस.पुरा सेक्टरों में पाकिस्तान की तरफ से की गई हालिया गोलाबारी के दौरान भी आतंकवादियों ने घुसपैठ की कोशिश की।अधिकारी ने कहा कि खुफिया एजेंसियों का मानना है कि अगले कुछ दिनों में भी ऐसी कोशिशें की जाएंगी।
अधिकारी ने बताया, "हम आतंकवादियों को कड़ा जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।"अधिकारी ने कहा कि वर्ष 2003 में जनवरी के दौरान पाकिस्तानी रेंजर्स ने जम्मू, सांबा व कठुआ तीन जिलों में 21 बार संघर्ष विराम का उल्लंघन किया था।पाकिस्तान रेंजर्स की तरफ से अंधाधुंध गोलीबारी और मोर्टार दागे जाने के कारण पिछले महीने बीएसएफ के दो जवान शहीद हो गए और एक नागरिक की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हुए थे।