भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन से उपजी आम आदमी पार्टी (आप) ने रविवार को राजधानी में उसकी सरकार बनने पर दिल्ली के 360 से अधिक गांवों को विशेष दर्जा देने का वादा किया। दिल्ली संवाद अभियान के चौथे चरण में पश्चिमी दिल्ली के घुमनहेरा गांव में आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने लोगों से कहा, "आम आदमी पार्टी की सरकार दिल्ली के हर एक गांव को विशेष दर्जा देगी। गांवों को वभिन्न बुनियादी सुविधाएं दी जाएंगी।"केजरीवाल ने कहा कि वे उपयुक्त प्रशासनकि और भूमि सुधार व्यवस्था लाएंगे, ताकि भूमि बिक्री और उसके ऊपयोग में बाधा आने वाले पुराने नियमों को खत्म किया जाए।
उन्होंने कहा, "हम गांवों में वार्डो को दोबारा से संवारेंगे, ताकि गांव के लोगों को अलग पहचान मिल सके। हमारा उद्देश्य होगा कि हम अपने गांवों को गांव की तरह पहचानें, उनकी संस्कृति, विरासत और धरोहर का संरक्षण करें।"इस संवाद का उद्देश्य राजधानी के 362 गांवों में रहने वाले लोगों को हितों और कल्याण पर केंद्रित था। इन गांवों में 135 गांव शहरी श्रेणी और 227 गांव ग्रामीण श्रेणी में आते हैं। आप के पहले तीन दिल्ली संवाद अभियान युवाओं, महिलाओं और पानी-बिजली पर केंद्रित थे।