केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने गुरुवार को कहा कि असम में हुई हिंसा एक आतंकवादी कृत्य है और सरकार इसे कतई बर्दाश्त नहीं करेगी। गृहमंत्री ने कहा, "असम में हुई हिंसा केवल उग्रवाद नहीं, बल्कि आतंकवाद का मामला है। हम इससे कठोरतापूर्वक निपटने जा रहे हैं।"उल्लेखनीय है कि मंगलवार को बोडो उग्रवादियों ने कोकराझार, सोणितपुर तथा चिरांग जिले में जनजाति समुदायों के निहत्थे लोगों पर गोलियां बरसाई थीं। राजनाथ ने सोणितपुर जिले के प्रभावित कुछ क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान वे एक राहत शिविर गए और सुरक्षाकर्मियों के साथ बैठक की।इस बीच, मंगलवार शाम असम में हुई हिंसा में मारे गए लोगों की संख्या बढ़कर 73 तक पहुंच गई है। कोकराझार जिले से बुधवार रात दो और शव बरामद किए गए।