हरियाणा विधानसभा चुनाव में बुधवार शाम तक 1.63 करोड़ यानी 60 फीसदी से अधिक मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। अधिकारियों ने बताया कि मतदाता अभी भी मतदान केंद्रों के बाहर खड़े हैं, और मतदान का आंकड़ा ऊपर जाएगा। राज्य में 116 महिला उम्मीदवार सहित 1,351 उम्मीदवारों की किस्मत आज ईवीएम में बंद हो जाएगी। हरियाणा में पहली बार अकेले चुनाव लड़ रही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अब तक के मतदान से खुश है और उसका कहना है कि मतदाता बदलाव चाहते हैं। भाजपा नेता अभिमन्यु ने कहा, "भाजपा हरियाणा में अपने दम पर नई सरकार बनाने के लिए तैयार है। हम स्पष्ट बहुमत पाएंगे और घोटाले और भ्रष्टाचार के शासन का अंत करेंगे।"
मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा ने अपने पैतृक गांव में मतदान किया और उनका कहना है कि वह इतनी जल्दी हार नहीं मानने वाले। हुड्डा ने कहा, "मतदाताओं की प्रतिक्रिया से देख कर मैं कह सकता हूं कि कांग्रेस चुनाव जीतेगी और तीसरी बार भी सरकार बनाएगी।"इधर, विपक्षी पार्टी इंडियन नेशनल लोकदल (इंनेलो) ने कहा कि भारी मतदान इस बात के संकेत हैं कि पार्टी राज्य में सरकार बनाएगी। इनेलो के अभय चौटाला ने कहा, "हम अगली सरकार बनाएंगे।"भाजपा, इनेलो और अन्य पार्टियों के कार्यकर्ताओं के बीच चार स्थानों पर हल्की झड़प की खबर है। हिसार जिले के नारनौंद विधानसभा सीट के बांसगांव में भाजपा और इनेलो के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प की खबरें हैं।
भाजपा उम्मीदवार अभिमन्यु ने आरोप लगाया है कि इनेलो ने मतदान केंद्र पर कब्जा जमा लिया और वेबकास्ट को रोक दिया। सिरसा जिले के मोदियाखेड़ा गांव में गोलीबारी हुई है। दक्षिण हरियाणा के पुन्हाना इलाके में भी झड़प की खबर है। पटौदी जिले के सिंकदरपुर गांव में महिला मतदाताओं को घूंघट हटा कर वोट डालने के लिए कहे जाने पर मतदान प्रभावित हुआ है।अधिकारियों ने बताया कि मतदान आधिकारिक रूप से शाम छह बजे तक जारी रहेगा, लेकिन जो लोग कतारों में खड़े हैं, उन्हें मतदान करने दिया जाएगा। हरियाणा में अपराह्न एक बजे तक 40 फीसदी मतदान हुआ था। कुरुक्षेत्र, यमुनानगर, मेवात, फतेहाबाद, कैथल, जिंद, सिरसा और पलवल जिले में अपराह्न 3.30 बजे 65 से 70 फीसदी मतदान हुआ। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के गुड़गांव व हरियाणा में सबसे कम 49 व 55 फीसदी मतदान दर्ज हुआ।
इस बार के चुनाव में मुख्य मुकाबला सत्तारूढ़ कांग्रेस, मुख्य विपक्षी पार्टी इनेलो तथा भाजपा के बीच है। इसके अलावा, चुनाव मैदान में हरियाणा जनहित कांग्रेस (हजकां), नवगठित हरियाणा जनचेतना पार्टी (हजपा), हरियाणा लोकहित पार्टी (हलोपा) और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) भी है। कांग्रेस और इनेलो के बीच सीधी टक्कर के बावजूद अधिकांश सीटों पर इस बार मुकाबला बहुकोणीय है। भिवानी विधानसभा सीट पर सबसे ज्यादा 31 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं, जबकि शाहाबाद और नूंह सीट पर सबसे कम सात उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। कांग्रेस और भाजपा ने सभी 90 सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं, जबकि इनेलो और हजकां ने क्रमश: 88 तथा 65 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं। चुनाव मैदान में मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, दुष्यंत चौटाला, इनेलो नेता अभय चौटाला, हजकां नेता कुलदीप बिश्नोई, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राम बिलास शर्मा, पूर्व केंद्रीय मंत्री विनोद शर्मा तथा भाजपा नेता अभिमन्यु मुख्य उम्मीदवार हैं।