हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए बुधवार को जारी मतदान उस समय बाधित होता दिखा, जब एक गांव में वोट डालने आईं महिलाओं को अधिकारियों ने घुंघट हटा कर वोट डालने को कहा। पुलिस ने बताया कि घटना पटौदी विधानसभा क्षेत्र के सिंकदरपुर गांव की है। सिकंदरपुर के निवासी अशोक यादव ने आईएएनएस को बताया, "एक अधिकारी ने मतदान से पहले महिलाओं को जबरन उनका चेहरा दिखाने को कहा। कोई महिला गांव के बड़े-बुजुर्गो के सामने कैसे घुंघट हटा सकती है। हमने मतदान का बहिष्कार करने का फैसला किया और प्रशासन को इसकी सूचना दी।"गांव की सरपंच मुकेश देवी के पति वीरेंद्र सिंह ने कहा कि पुलिस और ड्यूटी मजिस्ट्रेट ने सिंकदरपुर गांव में मतदान केंद्र का दौरा किया और मसले को सुलझाने की कोशिश की। एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि मतदान केंद्र पर अतिरिक्त पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। "हालात नियंत्रण में है और मतदान सामान्य रूप से जारी है।"