23 जून को होने वाले मंडी लोकसभा उपचुनाव के चुनाव प्रचार ने जोर पकड़ लिया है। चुनाव प्रचार के लिए हमीरपुर से भाजपा की टीम मंडी पहुंच गई है और बाली चौकी क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी जयराम ठाकुर के पक्ष में प्रचार किया । हमीरपुर भाजपा के जिला महामंत्री विजयपाल सिंह सोहारू ने जानकारी दी है कि हमीरपुर से जिला अध्यक्ष विजय अग्निहोत्री , जिला महासचिव राकेश ठाकुर और वीरेन्द्र ठाकुर के मार्ग दर्शन में सराज विधान सभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में नुक्कड़ सभाओं का आयोजन किया गया। सोहारू ने बताया कि वीरवार को हमीरपुर भाजपा की टीम ने पंजाई, डोभा और थाची में लोगों से सम्पर्क कर कांग्रेस की जन विरोधी नीतियों के खिलाफ प्रचार किया और भाजपा की नीतियों से अवगत करवाया। उन्होनें कहा कि प्रदेश में कांग्रेस के पांच माह के शासन से लोग दुखी हो गए हैं और मंडी लोकसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी जयराम के पक्ष में मतदान कर इसका बदला लेने को तैयार हैं।